Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर पुलिस ने गुरुवार को श्रीनगर में एक आतंकी साजिश को विफल कर दिया। इस दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें एक बाहरी राज्य का व्यक्ति भी शामिल है। गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से हथियार और गोला-बारूद बरामद किए गए। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई शहर के डलगेट इलाके में ममता चौक के पास की रूटीन चेकिंग के दौरान हुई। पुलिस ने बिना रजिस्ट्रेशन नंबर वाली मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान बाइक पर सवार चालक और उसके साथ दो अन्य लोग भागने की कोशिश में थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान शाह मुतैब और कामरान हसन शाह (श्रीनगर के कूलीपोरा खानयार निवासी) और मोहम्मद नदीम (उत्तर प्रदेश के मेरठ का निवासी, वर्तमान में खानयार के कावा मोहल्ला में रह रहे) के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी के दौरान एक देसी पिस्तौल और नौ जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
प्रारंभिक जांच से पता चला है कि आरोपी इन हथियारों और गोला-बारूद का इस्तेमाल करके इलाके में आतंकी गतिविधि अंजाम देने की योजना बना रहे थे। खानयार पुलिस स्टेशन में गिरफ्तार व्यक्तियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, UAPA और मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
