देश

Jammu-Kashmir: डोडा में सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को किया ढेर, एक CRPF जवान शहीद

जम्मू कश्मीर के डोडा जिले में मंगलवार रात सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच एक मुठभेड़ शुरू हुई। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब सुरक्षा बलों ने मंगलवार शाम को कठुआ जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के पास एक गांव पर हमला करने वाले आतंकवादियों की तलाश में एक व्यापक अभियान शुरू किया है।

Image

डोडा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच मुठभेड़

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Jammu-Kashmir: जम्मू-कश्मीर के डोडा और कठुआ जिलों में आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) का एक जवान शहीद हो गया और छह सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि डोडा जिले में भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर स्थित चतरगला के ऊपरी इलाके में आतंकवादियों ने एक संयुक्त जांच चौकी पर हमला किया, जिसमें राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान और एक विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) घायल हो गए। हालांकि, सुरक्षाबलों ने दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया।

सीआरपीएफ जवान शहीद

उन्होंने बताया कि दूसरी ओर कठुआ जिले के सैदा सुखल गांव में मंगलवार देर रात लगभग तीन बजे गांव में छिपे एक आतंकवादी द्वारा की गई गोलीबारी में सीआरपीएफ के जवान कबीर दास गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जवान को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों ने गांव में सुरक्षा घेरा तोड़ने के लिए अंधाधुंध गोलीबारी की थी।

एक आतंकी ढेर

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार शाम को अंतरराष्ट्रीय सीमा के निकट एक गांव पर आतंकवादियों के हमले में एक नागरिक घायल हो गया, जिसके बाद सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया और एक आतंकवादी को मार गिराया। उन्होंने बताया कि एक अन्य आतंकवादी को पकड़ने के प्रयास किये जा रहे हैं और ऐसा माना जा रहा है कि छिपा हुआ आतंकवादी सीमा पार से घुसपैठ कर यहां पहुंचा है।

अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक की अगुवाई में पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मुठभेड़ वाली जगह पर पहुंचे हैं। पुलिस ने बताया कि सीआरपीएफ की सहायता से उन्होंने इलाके की घेराबंदी कर दी है और घर-घर जाकर तलाशी ली जा रही है। रविवार को रियासी के शिव खोड़ी मंदिर से तीर्थयात्रियों को कटरा ले जा रही बस पर हुए हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किये जाने के बीच ये घटनाएं हुई हैं। दो दिन पहले हुए इस हमले में बस सड़क से गहरी खाई में जा गिरी थी, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 41 लोग घायल हुए थे।

आतंकियों ने सेना-पुलिस की चौकी पर गोलीबारी की

अधिकारियों ने बताया कि डोडा में आतंकवादियों ने मंगलवार देर रात भद्रवाह-पठानकोट मार्ग पर स्थित चतरगला इलाके में 4 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की एक संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की, जिसे बाद मुठभेड़ शुरू हो गयी और कई घंटों तक जारी रही। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय राइफल्स के पांच जवान और एक विशेष पुलिस अधिकारी घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। अधिकारियों ने बताया कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान तेज करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों को इलाके में भेजा गया है।

आतंकी ने एक घर से पानी मांगा

जम्मू क्षेत्र के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आनंद जैन ने कठुआ के सैदा सुखल गांव में अभियान के बारे में जानकारी साझा करते हुए कहा, दो आतंकवादी जो हाल में (सीमा पार से) घुसपैठ करके आए थे, रात आठ बजे (मंगलवार) के आसपास गांव में दिखाई दिए और एक घर से पानी मांगा। लोग डर गए और जैसे ही सूचना मिली एक पुलिस दल तुरंत गांव में पहुंचा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ने बताया कि एक आतंकवादी ने हथगोला फेंकने की कोशिश की, जिसे मुठभेड़ में मार गिराया गया जबकि दूसरा आतंकवादी गांव में छिपा हुआ बताया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मारे गए आतंकवादी के पास से एक एके राइफल और एक बैग बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि आतंकवादी की पहचान और वह किस समूह से जुड़ा था, उसका पता लगाया जा रहा है।

Shashank Shekhar Mishra
Shashank Shekhar Mishraauthor

शशांक शेखर मिश्रा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल (www.timesnowhindi.com) में बतौर कॉपी एडिटर काम कर रहे हैं। इन्हें पत्रकारिता में करीब 5 वर्षों का अनुभव है। इन पांच सालों में देश की राजनीति से लेकर देश-दुनिया में बनते-बिगड़ते सत्ता समीकरणों एवं घटनाओं को कवर करने का अनुभव है। राजनीति, रक्षा और आटोमोबाइल्स की खबरों में विशेष रूचि के साथ खोजी पत्रकारिता और स्टिंग ऑपरेशन का भी अनुभव है। टाइम्स नाउ नवभारत में देश-दुनिया की खबरों के साथ रियल टाइम डेस्क पर कार्य करने का अनुभव है। शशांक ने इन 5 वर्षों के पत्रकारिता के कैरियर के दौरान टेलीविजन और डिजिटल मीडिया में कार्य करने का अनुभव हासिल किया है। टाइम्स नाउ नवभारत में बतौर कॉपी एडिटर जुड़ने से पहले जागरण न्यू मीडिया, इनशार्ट्स, जी हिंदुस्तान और न्यूज हेल्पलाइन में सब एडिटर, रिपोर्टर और असिस्टेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर चुके हैं। पढ़ाई-लिखाई की बात करें तो लखनऊ विश्वविद्यालय से राजनीति विज्ञान में पोस्ट ग्रेजुएशन किया है। इसके बाद एशियन एकेडमी ऑफ फिल्म एंड टेलीविजन से पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा इन मास कम्युनिकेशन एंड टीवी जर्नलिज्म किया हैं। शशांक को जिम जाना, एडवेंचर एक्टिविटी करना और नई तकनीक को जानना और समझना बेहद पसंद है। इसके अलावा शशांक को ड्राइव करना और अध्यात्म में भी काफी रुचि हैं। शशांक शेखर मिश्रा उत्तर प्रदेश की राजधानी और नवाबों के शहर के रूप में फेमस लखनऊ से ताल्लुक रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article