देश

Amarnath Yatra: ड्रोन और गुब्बारे की उड़ान पर रोक... चप्पे-चप्पे पर रहेगी नजर, रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान टैग का होगा इस्तेमाल

Amarnath Yatra: केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मंगलवार को समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका भी मौजूद थे। बैठक में पूरे अमरनाथ यात्रा मार्ग को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित करने के बारे में भी बताया गया।

Image

अमरनाथ यात्रा 2025

Photo : iStock

Amarnath Yatra: केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आगामी अमरनाथ यात्रा के लिए सुरक्षा व्यवस्था की मंगलवार को समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि बैठक में गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक तपन कुमार डेका भी मौजूद थे। अधिकारियों ने बताया कि साथ ही इस बैठक में सेना, सीमा सुरक्षा बल (BSF), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF), पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।

कितने दिनों तक चलेगी यात्रा?

यह यात्रा तीन जुलाई को दो मार्गों से शुरू होने वाली है। इसमें अनंतनाग जिले में 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले में 14 किलोमीटर लंबा वाला बालटाल मार्ग शामिल है। यह यात्रा 38 दिन चलेगी। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था दो जुलाई को भगवती नगर शिविर से कश्मीर के लिए रवाना होगा और उसी शाम पहलगाम मार्ग पर नुवान और सोनमर्ग मार्ग पर बालटाल आधार शिविरों पर पहुंचेगा।

यात्रा मार्ग नो फ्लाई जोन घोषित

अधिकारियों ने कहा कि बैठक के दौरान केंद्रीय गृह सचिव को विभिन्न सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी दी गई - जिसमें चेहरे की पहचान प्रणाली का उपयोग, सीसीटीवी निगरानी और तीर्थयात्रियों के लिए रेडियो फ्रीक्वेंसी पहचान (RFID) टैग का उपयोग शामिल है। बैठक में पूरे अमरनाथ यात्रा मार्ग को ‘नो फ्लाई जोन’ घोषित करने के बारे में भी बताया गया, जो एक जुलाई से 10 अगस्त तक दोनों मार्गों पर किसी भी यूएवी, ड्रोन या गुब्बारे के संचालन पर रोक लगाता है।

Amarnath Yatra

अमरनाथ यात्रा 2025

अधिकारियों ने कहा कि मोहन को पवित्र गुफा मंदिर के लिए पूरे यात्रा मार्ग और विभिन्न आधार शिविरों पर लागू किये गए बहुस्तरीय सुरक्षा उपायों के बारे में भी बताया गया। केंद्रीय गृह सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे प्रतिकूल तत्वों को दूर रखने के लिए उच्च स्तर की सतर्कता बनाए रखें और यात्रा के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न सहयोगी एजेंसियों के बीच समन्वय सुनिश्चित करें।

बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था

पहलगाम में 22 अप्रैल को पर्यटकों पर हुए आतंकी हमले की पृष्ठभूमि में इस साल वार्षिक अमरनाथ यात्रा के दौरान सुरक्षा बढ़ा दी गई है। उक्त आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे। इस अमरनाथ यात्रा को पूर्व में भी कई बार आतंकवादियों ने निशाना बनाया है। आखिरी बड़ा हमला जुलाई 2017 में हुआ था, जब आठ तीर्थयात्रियों की मौत हो गई थी।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article