Karnataka MLC Polls: कर्नाटक में विधान परिषद की चार सीट पर हुए चुनाव में सत्तारूढ़ कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया। विपक्षी भाजपा और जेडीएस ने सभी चार सीटों पर जीत दर्ज की। भाजपा ने तीन सीट बरकरार रखीं, जबकि जेडीएस ने बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कांग्रेस को पटखनी देकर सीट पर कब्जा किया।
भाजपा ने शिवकुमार पर कसा तंज
भाजपा ने आधिकारिक 'एक्स' अकाउंट से मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार की गेंदें की फूल वाली एक तस्वीर पोस्ट करते हुए तंज कसा। भाजपा ने कहा, ''डीके, It's done, bro!, एमएलसी चुनावों में एनडीए का क्लीन स्वीप! शिक्षकों और स्नातकों की चारों विधान परिषद सीटों पर गठबंधन ने जीत दर्ज की!''
75 सदस्यीय विधान परिषद में वर्तमान में कांग्रेस के 38, भाजपा के 24 और जेडीएस के छह सदस्य हैं। इसके अलावा, एक निर्दलीय सदस्य और सभापति सलीम अहमद हैं। सरकार की ओर से मनोनयन के लिए निर्धारित पांच सीटें खाली हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: बैलेट पेपर से मतदान, फिर भी कांग्रेस का स्कोर शून्य, खरगे के गृह जिले में भी हारी पार्टी
भले की मौजूदा विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस सभी चारों सीटें हार गई हो, लेकिन इस चुनाव परिणाम से कांग्रेस सरकार की स्थिरता पर असर पड़ने की संभावना नहीं है, लेकिन इसे भाजपा-जेडीएस के विपक्षी गठबंधन के मजबूत होने के नतीजे के तौर पर देखा जा रहा है और यह गठबंधन के लिए नैतिक जीत मानी जा रही है।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि बेंगलुरु शिक्षक और उत्तर-पूर्व शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के नतीजे मंगलवार को घोषित कर दिए गए थे, जबकि अन्य दो निर्वाचन क्षेत्रों में मतगणना रातभर जारी रही। विधान परिषद की चारों सीटों पर 23 अक्टूबर को मतदान हुआ था। परंपरा के अनुसार, इन चुनावों में मतपत्रों का इस्तेमाल किया गया था।
बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में भी हारी कांग्रेस
अधिकारियों ने बताया कि बेंगलुरु शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में जेडीएस के उम्मीदवार ए. पी. रंगनाथ ने दोबारा चुनाव लड़ रहे कांग्रेस के मौजूदा विधान परिषद सदस्य पुट्टन्ना को 908 मतों के अंतर से हराया। रंगनाथ को 10,810 मत मिले, जबकि पुट्टन्ना को 9,902 मत प्राप्त हुए।
