अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) का चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 18 प्रतिशत बढ़कर 3,682.44 करोड़ रुपये हो गया। कंपनी का 2025-26 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 3,120.20 करोड़ रुपये रहा था। एपीएसईजेड ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि जुलाई-सितंबर तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 11,609.77 करोड़ रुपये हो गई, जो एक साल पहले इसी तिमाही में 10,004.06 करोड़ रुपये थी।
आय से खर्च में भी बढ़ोतरी
समीक्षाधीन अवधि में कंपनी का कुल खर्च भी बढ़कर 7,252.7 करोड़ रुपये हो गया, जो एक साल पहले इसी अवधि में 6,103.59 करोड़ रुपये था। अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) के पूर्णकालिक निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) अश्वनी गुप्ता ने कहा कि हम अपने 'महत्वाकांक्षा 2031’ लक्ष्यों की दिशा में निवेश तेज कर रहे हैं। इसके बावजूद हमारा बही-खाता बेहद मजबूत बना है।
निवेश बढ़ाया लेकिन कर्ज नहीं बढ़ा
उन्होंने कहा कि हमने पिछले दो वर्षों में पूंजीगत व्यय के रूप में 30,346 करोड़ रुपये खर्च किए हैं। इसमें चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही (अप्रैल-सितंबर) में योजना से अधिक किया गया निवेश भी शामिल है। इसके बावजूद शुद्ध ऋण और कर पूर्व आय (ईबीआईटीडीए) का अनुपात केवल 1.8 गुना बना हुआ है। यह हमारे कारोबारी मॉडल की मजबूती और पूंजी के विवेकपूर्ण इस्तेमाल को दर्शाता है।
एपीएसईजेड ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में पूंजीगत व्यय अधिक रहने के बावजूद उसने 2,806 करोड़ रुपये का मुक्त नकदी प्रवाह अर्जित किया। कंपनी ने कहा कि एपीएसईजेड के 2031 के लक्ष्यों की दिशा में आगे बढ़ने के साथ उसने पूंजीगत व्यय का अनुमान 3,000 करोड़ रुपये बढ़ाकर 15,000-17,000 करोड़ रुपये कर दिया है।
सिटी यूनियन बैंक का शुद्ध लाभ 26% बढ़ा
सिटी यूनियन बैंक का शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी (जुलाई-सितंबर) तिमाही में 26 प्रतिशत बढ़कर 416 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने पिछले वित्त वर्ष की जुलाई-सितंबर तिमाही में 329 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया था।
सिटी यूनियन बैंक ने बुधवार को बताया कि चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में उसकी ब्याज आय 27 प्रतिशत बढ़कर 2,092 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 1,653 करोड़ रुपये थी।
