देश

Goa Nightclub Fire: गौरव-सौरभ लूथरा के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया ब्लू कॉर्नर नोटिस; 25 मौतों के जिम्मेदार हैं दोनों

गोवा में 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब आग हादसे पर बड़ा अपडेट सामने आया है। गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया है कि क्लब के दोनों मालिकों के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है।

Image

'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब के मालिकों के खिलाफ इंटरपोल ने जारी किया नोटिस। (फोटो: canva)

गोवा के नाइट क्लब बिर्क बाय में भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद अब क्लब के फरार मालिकों के खिलाफ इंटरपोल ने ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया है। गोवा के मुख्यमंत्री कार्यालय ने इस बारे में जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि इंटरपोल ने ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा के खिलाफ ‘ब्लू कॉर्नर’ नोटिस जारी किया है। इतना ही नहीं, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने नाइट क्लब आग मामले में सौरभ और गौरव लूथरा के स्वामित्व वाले वागाटोर स्थित क्लब को ध्वस्त करने का आदेश भी दिया है।

वहीं, पुलिस ने बताया है कि गोवा नाइट क्लब के दो अन्य मालिकों अजय गुप्ता और सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है। इन दोनों को भी आरोपी के रूप में नामित किया गया है। साथ ही पुलिस ने यह भी बताया कि जब यह घटना हुई तब नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा गोवा में नहीं थे। घटना के बाद उनका पता लगाने के प्रयास शुरू किए गए।

हादसे के तुरंत बाद फुकेट भाग गए थे आरोपी

इससे पहले बीते दिन सामने आया था कि 'बर्च बाय रोमियो लेन' नाइट क्लब में अग्निकांड के बाद क्लब के दोनों मालिक विमान से थाईलैंड के फुकेट भाग गए थे। गोवा पुलिस ने भी इस बारे में जानकारी दी थी। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपी सौरभ और गौरव लुथरा घटना के कुछ घंटे बाद ही मुंबई से विमान पकड़कर फुकेट भाग गए थे।

दिल्ली में आवास पर भी मारी गई थी रेड

अरपोरा रेस्टोरेंट आग की घटना को लेकर गोवा पुलिस ने एक ट्वीट में बताया था कि मामले में FIR के बाद, पुलिस ने आरोपी गौरव और सौरभ लूथरा के आवास पर रेड करने के लिए एक टीम को दिल्ली भेजा गया था, चूंकि वे वहां नहीं मिले, इसलिए उनके घर पर नोटिस लगा दिया गया था। फिर जब मुंबई में ब्यूरो ऑफ़ इमिग्रेशन से संपर्क किया गया तो पता चला कि दोनों आरोपियों ने 7 दिसंबर को सुबह 5.30 बजे फुकेट के लिए फ्लाइट ली थी, यानी घटना के तुरंत बाद, जो आधी रात के आसपास हुई थी।

मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था नाइटक्लब का लाइसेंस

इससे पहले, मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोमवार को बताया था कि सरपंच ने नाइटक्लब को बिजली कनेक्शन, पानी कनेक्शन, इमारत की मरम्मत और व्यापार लाइसेंस समेत कई अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दिए थे। इसने कहा कि सबसे गंभीर बात यह है कि नाइटक्लब का व्यापार लाइसेंस मार्च 2024 में ही समाप्त हो चुका था, फिर भी इसका संचालन जारी रहा। गोवा पंचायत राज अधिनियम की धारा 72-ए के तहत स्थानीय निकाय (पंचायत) को ऐसी अवैध रूप से संचालित परिसंपत्तियों को सील करने का अधिकार प्राप्त है, लेकिन वे ऐसा करने में विफल रहे।

नाइट क्लब के पास नहीं था अग्निशमन विभाग का एनओसी

इस भयावह हादसे के बाद जांच में कई अनियमितताओं की बात सामने आई है। पता चला है कि नाइट क्लब में अवैध निर्माण भी हुआ था, जिसे लेकर कई बार शिकायत भी की गई थी। बावजूद इसके कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके अलावा, अग्निशमन अधिकारियों ने यह भी बताया कि क्लब के पास कथित तौर पर अग्निशमन विभाग की ओर से जारी एनओसी नहीं था और छोटे दरवाजों और उस तक पहुंचने वाले संकरे पुल के कारण लोगों का बचकर निकलना मुश्किल हो गया था। क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार प्रबंधक राजीव सिंघानिया और गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है।

कौन है गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर सौरभ लूथरा?

गोवा के एक नाइट क्लब में भीषण आग लगने की वजह से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई और छह लोग घायल बताए जा रहे हैं। गोवा स्थित अरपोरा इलाके में बने बिर्च बाय रोमियो लेन नाइटक्लब के फाउंडर और प्रबंध निदेशक सौरभ लूथरा हैं। कंपनी की वेबसाइट के मुताबिक, सौरभ लूथरा एक गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर हैं, जो आंत्रप्रेन्योर भी हैं और उन्हें सबसे तेजी से बढ़ते रेस्त्रां मालिकों में से एक के तौर पर गिना जाता है।

गोवा पुलिस फिलहाल उनके ठिकाने और विदेश भागने की पूरी कार्रवाई का पता लगा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है। शनिवार देर रात गोवा के अरपोरा गांव में स्थित नाइट क्लब बिर्क बाय रोमियो लेन में भीषण आग लगने से 25 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में नाइटक्लब के 20 कर्मचारी और पांच पर्यटक शामिल हैं जिनमें से चार दिल्ली के थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article