देश

इस बार कोलकाता में योग दिवस मनाएंगे पीएम मोदी, 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम पर होगा भव्य आयोजन

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर इस वर्ष का मुख्य राष्ट्रीय कार्यक्रम पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। 'स्वस्थ आयु के लिए योग' थीम के साथ आयोजित होने वाला यह आयोजन योग के शारीरिक, मानसिक और दीर्घकालिक स्वास्थ्य लाभों को रेखांकित करेगा।

Image

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर दुनिया भर के 2500 से अधिक स्थानों पर होगा योग कार्यक्रम का आयोजन (फोटो- ANI)

Photo : ANI

International Yoga Day 2026: इस साल 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 (International Yoga Day 2026) का मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी हिस्सा लेंगे। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' रखी गई है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य और बढ़ती उम्र में सेहत को बनाए रखने में योग की भूमिका पर प्रकाश डालती है। उन्होंने कहा, "इस साल अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आयोजित किया जाएगा।"

योग बना वैश्विक जन-आंदोलन

जाधव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस को वैश्विक स्तर पर अभूतपूर्व समर्थन मिल रहा है और दुनियाभर में लगभग 2,500 जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में योग एक वैश्विक जन-आंदोलन बन गया है और दुनियाभर में लाखों लोगों ने इसे अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बना लिया है।" जाधव ने आगे कहा कि इस साल की थीम हमारे समय की सबसे अहम जरूरतों में से एक पर केंद्रित है।

दुनियाभर में आयोजित होगा योग कार्यक्रम

जाधव कहा कि योग बढ़ती उम्र के साथ स्वस्थ, सक्रिय, आत्मनिर्भर और मानसिक रूप से मजबूत जीवन जीने में अहम भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा, "भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के समन्वय से विदेश में 210 से ज्यादा भारतीय मिशन दुनियाभर में लगभग 2,500 जगहों पर योग कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं।" उन्होंने कहा, "यह दिखाता है कि कैसे योग भारत की सांस्कृतिक विरासत के रूप में अपनी शुरुआत से आगे बढ़कर स्वास्थ्य के लिए एक साझा वैश्विक आंदोलन बन गया है।"

12 सांस्कृतिक और विरासत स्थलों का चयन

वहीं, प्रतापराव जाधव आगे जानकारी दी कि योग दिवस समारोह के लिए हरिद्वार में गंगा नदी के तट से लेकर हम्पी के प्राचीन खंडहरों और दिल्ली के लाल किले के ऐतिहासिक परिसर समेत 12 मशहूर दर्शनीय स्थलों को चुना गया है। इस पहल का मकसद भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और योग की सदियों पुरानी परंपरा को एक साझा राष्ट्रीय ढांचे के तहत एकसाथ लाना है। उन्होंने बताया कि आयुष मंत्रालय ने योग दिवस के लिए राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने के लिए जिन स्थानों का चुनाव किया है, उनमें दिल्ली का लाल किला (Red Fort), हरिद्वार की हर की पैड़ी, ओडिशा का कोणार्क सूर्य मंदिर, कर्नाटक में हम्पी स्मारक, लद्दाख का लेह पैलेस, तमिलनाडु में महाबलीपुरम मंदिर, उत्तर प्रदेश में सारनाथ, असम का कंचारी किला, हैदराबाद में चारमीनार का इलाका, मुंबई का गेटवे ऑफ इंडिया, बिहार में नालंदा महाविहार और अहमदाबाद का साबरमती रिवरफ्रंट शामिल हैं।

मंत्री ने कहा, "इन 12 ऐतिहासिक जगहों पर सिर्फ योग कार्यक्रम ही आयोजित नहीं होंगे, बल्कि ये एक ऐसे देश की बड़ी कहानी भी बयां करेंगे जो अपनी सभ्यता की जड़ों से ताकत हासिल करते हुए सभी के लिए एक स्वस्थ भविष्य को अपना रहा है।"

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article