IndiGo Bomb Threat: लखनऊ से सऊदी अरब के दम्माम शहर जा रही इंडिगो (IndiGo Flight Emergency Landing) एयरलाइंस की एक अंतरराष्ट्रीय उड़ान में उस समय हड़कंप मच गया, जब हवा में ही विमान में बम होने की खबर सामने आई। इसके बाद आनन-फानन में फ्लाइट को गुजरात के अहमदाबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे की तरफ मोड़ा गया और शाम को आपातकालीन स्थिति में सुरक्षित लैंड कराया गया।
एयरपोर्ट पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E97 में घटी। उड़ान के दौरान विमान के एक क्रू मेंबर (विमानकर्मी) की नजर एक कागज के टुकड़े पर पड़ी, जिस पर अंग्रेजी में स्पष्ट रूप से 'बम' (Bomb) लिखा हुआ था। इस संदिग्ध पर्ची को देखते ही क्रू मेंबर ने तुरंत पायलट और एटीसी (Air Traffic Control) को सतर्क किया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'शक्तिशाली लोगों का अहंकारी होना बना फैशन', दिल्ली में हुई मणिपुर के कलाकार की हत्या पर बोले राहुल गांधी
विमान में कुल 107 यात्री थे सवार
सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पायलट ने निकटतम एयरपोर्ट यानी अहमदाबाद में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। विमान ने शाम करीब 5:45 बजे अहमदाबाद एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की। लैंडिंग के तुरंत बाद विमान को एक आइसोलेशन बे में ले जाया गया। विमान में कुल 107 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे, जिन्हें पूरी तरह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
सूचना के बाद सुरक्षाबलों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, बम निरोधक दस्ता और सीआईएसएफ (CISF) की टीमों ने मोर्चा संभाल लिया। सभी यात्रियों के सामान और पूरे विमान की गहन तलाशी ली गई। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में अब तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि हाल के दिनों में यह इस तरह की दूसरी घटना है। इससे पहले 31 अगस्त को भी दम्माम से नई दिल्ली आ रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में टॉयलेट के अंदर 'टीशू पेपर' पर बम लिखा मिला था, जिसके बाद उसकी भी अहमदाबाद में लैंडिंग करानी पड़ी थी और वह मामला महज एक अफवाह साबित हुआ था।
