Indigo Flight: दिल्ली से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो (Indigo) की उड़ान संख्या 6E 2131 को रनवे पर एक संदिग्ध चिंगारी के बाद दिल्ली हवाई अड्डे (Delhi Airport) पर उतारा गया। घटना शुक्रवार रात की है और फ्लाइट में 180 से अधिक लोग सवार थे। अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला
सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित- इंडिगो
वहीं इस बीच घटना को लेकर इंडिगो की तरफ से बयान जारी किया गया है, जिसमें कहा गया है कि दिल्ली से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरने वाले विमान 6E2131 को टेक ऑफ रोल के दौरान एक तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा, जिसके तुरंत बाद पायलट ने टेक ऑफ को रोक दिया और विमान वापस लौट आया। सभी यात्री और चालक दल सुरक्षित हैं और उड़ान के संचालन के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की जा रही है। यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है।
हालांकि इंडिगो ने अपने बयान में चिंगारी के बारे में कोई जिक्र नहीं किया है। इंडिगो ने कहा कि एक तकनीकी समस्या का सामना करना पड़ा। वहीं इंडिगो फ्लाइट की एक यात्री प्रियंका कुमार ने अपने ट्विटर हैंडल @Priyankakumarr से एक वीडियो ट्वीट किया। कैप्शन में लिखा- इंडिगो 6ई 2131... दिल्ली रनवे पर डरावना अनुभव!
बता दें कि इसी महीने इंडिगो ने भोपाल-उदयपुर, अहमदाबाद-जम्मू, रांची-भुवनेश्वर और इंदौर-चंडीगढ़ मार्ग पर आठ नई उड़ानें शुरू करने की घोषणा की। कंपनी की ओर से जारी एक विज्ञप्ति के मुताबिक इन नई उड़ानों में से भोपाल-उदयपुर मार्ग पर संचालित होने वाली उड़ानें, आरसीएस (क्षेत्रीय उड़ान योजना के तहत संचालित उड़ान) उड़ानें होंगी, जिनसे संबंधित राज्यों के बीच संपर्क सेवा में सुधार होगा।
इंडिगो के बेड़े में 275 से अधिक विमान हैं और कंपनी रोजाना औसतन 1,600 उड़ानों का संचालन करती है। उसकी उड़ानें 74 घरेलू और 26 अंतरराष्ट्रीय मार्गों पर उपलब्ध हैं। (इनपुट- भाषा के साथ)
