देश

रेलवे पर इंडिगो संकट का असर! रिजर्वेजन काउंटर पर बढ़ रही भीड़, लंबी रूट्स पर बुकिंग में तेजी

दिल्ली से इंडिगो की कई उड़ानों के अचानक रद्द होने और देरी ने यात्रियों को बड़ी संख्या में रेलवे की ओर मोड़ दिया है। बीते 24 घंटों में दिल्ली से चलने वाली लगभग सभी प्रमुख रूटों की ट्रेनों में टिकटों की मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई।

Image

इंडिगो उड़ानों में रद्दीकरण और देरी का असर रेलवे पर (फाइल फोटो- PTI)

दिल्ली से उड़ान भरने वाली इंडिगो की बड़ी संख्या में उड़ानों के अचानक रद्द होने और लगातार देरी से चलने का असर अब सीधे तौर पर रेलवे पर दिखाई देने लगा है। यात्रियों की सुविधा में आई इस बड़ी बाधा के कारण हजारों लोगों ने हवाई यात्रा की जगह ट्रेन का रुख कर लिया है। बीते 24 घंटों में दिल्ली से चलने वाली लगभग सभी प्रमुख रूटों की ट्रेनों में टिकटों की मांग अप्रत्याशित रूप से बढ़ गई है। रेलवे से जुड़े सूत्रों का कहना है कि कल दोपहर के बाद से टिकटों की बुकिंग में ऐसा उछाल देखा गया, जैसा सामान्य दिनों में त्योहारों या छुट्टियों के दौर में ही देखने को मिलता है।

किन-किन रूटों पर बढ़ी डिमांड

700 से 1000 किलोमीटर तक की यात्रा करने वाले यात्री बड़ी संख्या में ट्रेन में सीटें बुक कर रहे हैं। यही नहीं, लंबी दूरी यानी कोलकाता, बेंगलुरु, चेन्नई, हैदराबाद और मुंबई जैसी दूरस्थ शहरों के लिए भी भारी संख्या में टिकट बुकिंग दर्ज की गई है। दिल्ली–जम्मू, दिल्ली–श्रीनगर, दिल्ली–जयपुर और दिल्ली–अहमदाबाद रूट की अधिकांश ट्रेनें फुल जा रही हैं, जबकि कई ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ रही है। ओवरनाइट जर्नी वाली लगभग सभी ट्रेनें पूरी तरह बुक हो चुकी हैं।

तत्काल कोटे में भी बढ़ी डिमांड

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तत्काल कोटे में भी जबरदस्त डिमांड देखी जा रही है। अचानक बढ़ी बुकिंग के कारण कई ट्रेनों में तत्काल के टिकट कुछ ही मिनटों में खत्म हो गए। एयरपोर्ट पर फंसे यात्री अब सीधे रेलवे स्टेशनों की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे दिल्ली के प्रमुख स्टेशनोंनई दिल्ली, आनंद विहार और सराय रोहिल्ला पर यात्रियों की भीड़ बढ़ चुकी है। प्लेटफॉर्मों पर लंबी कतारें, पूछताछ काउंटरों पर भीड़ और टिकट विंडो पर दबाव साफ दिखाई दे रहा है।

तैयारी में जुटी रेलवे

स्थिति को देखते हुए रेलवे अतिरिक्त डिब्बे जोड़ने की संभावनाओं पर भी विचार कर रहा है, ताकि बढ़ी हुई मांग को संभाला जा सके। हालांकि, अधिकारी यह भी मानते हैं कि यदि उड़ानों में देरी की समस्या जारी रहती है, तो अगले दो दिनों में ट्रेनों में स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article