देश

Indigo Crisis: 'ऐसी कार्रवाई करेगें जो सभी एयरलाइन्स के लिए बनेगी मिसाल'; इंडिगो पर सरकार की निगाहें टेढ़ी

इंडिगो (IndiGo) का उड़ान संचालन अभी भी सामान्य नहीं हो सका है। इस बीच, राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस चालक दल और ड्यूटी रोस्टर को मैनेज करने में फेल साबित हुई। हम इस स्थिति को हल्के में नहीं ले रहे हैं।

Image

इंडिगो पर सरकार की निगाहें हुई टेढ़ी। फोटो-PTI

Photo : PTI

इंडिगो संकट को लेकर सरकार ने विमानन कंपनी के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान उच्च सदन में नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने ऐसे ही संकेत दिए हैं। उन्होंने साफ-साफ कह दिया है कि इंडिगो में हुए व्यापक व्यवधान और यात्रियों के प्रति उसके रवैये ने बहुत निराश किया है। सरकार ने इंडिगो की बड़े पैमाने पर उड़ान रद्द किए जाने के संबंध में जांच शुरू कर दी है और एयरलाइन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी ताकि अन्य एयरलाइनों के लिए उदाहरण पेश किया जा सके।

हम हालात को हल्के में नहीं ले रहे- राममोहन नायडू

राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान एक पूरक प्रश्न का जवाब देते हुए नायडू ने कहा कि इंडिगो एयरलाइंस चालक दल और ड्यूटी रोस्टर को मैनेज करने में फेल साबित हुई। हम इस स्थिति को हल्के में नहीं ले रहे हैं।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने पूछा था सवाल

दरअसल, राज्यसभा में कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने सवाल किया था कि क्या इंडिगो संकट ऑटोमैटिक मैसेज स्विचिंग सिस्टम (एएमएसएस) में गलती के कारण हुआ था? यह एक तकनीकी समस्या है जिसने नवंबर 2025 की शुरुआत में उड़ान सेवाओं को बाधित किया था।

इस पर विमानन मंत्री ने साफ किया कि इंडिगो संकट एएमएसएस से संबंधित नहीं था बल्कि इंडिगो की आंतरिक क्रू रोस्टर मैनेज करने में विसंगतियों और कुप्रबंधन के कारण हुआ था।

अप्रैल 2025 के उच्च न्यायालय के आदेश के बाद तैयार किए गये नये उड़ान ड्यूटी समय पाबंदी (एफडीटीएल) दिशानिर्देश की विस्तार से जानकारी देते हुए नायडू ने कहा कि कुल 22 एफडीटीएल दिशानिर्देश थे, जिनमें से 15 को एक जुलाई 2025 से और शेष सात को एक नवंबर 2025 से लागू किया गया।

नायडू के अनुसार, एफडीटीएल के कार्यान्वयन के संबंध में इंडिगो सहित कई हितधारकों से परामर्श किया गया था और सरकार ने यह बहुत स्पष्ट कर दिया था कि सभी एयरलाइनों को सुरक्षा से समझौता किए बिना नियमों का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि एक नवंबर 2025 को जब एफडीटीएल पूरी तरह से लागू हुआ, उसी समय नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) सभी एयरलाइनों के साथ निरंतर परामर्श करता रहा है, क्योंकि उन्होंने अपने संचालन में विविधताओं के कारण कुछ छूट का अनुरोध किया था।

उड़ान सेवा बाधित होने के लिए इंडिगो पूरी तरह जिम्मेदार- नायडू

नायडू ने कहा कि व्यापक परामर्श और सुरक्षा जोखिम मूल्यांकन के बाद, आवश्यक विविधताएं और छूट पहले ही दे दी गई थीं>उन्होंने यह भी कहा कि मौजूदा संकट नयी एफडीटीएल के संचालन के लगभग एक महीने बाद हुआ। संकट के लिए इंडिगो पर दोषारोपण करते हुए नायडू ने कहा कि एक दिसंबर 2025 को भी, जब मंत्रालय ने इंडिगो से एफडीटीएल पर बात की तो कंपनी ने उस मुद्दे को नहीं उठाया था जिसने संकट पैदा किया। यह एक दिन-प्रतिदिन का कामकाज है, जिसे इंडिगो को कायम रखना चाहिए था।

आज भी बड़े पैमाने पर रद्द की उड़ानें

इस बीच, नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया है कि आज भी इंडिगो ने बड़े पैमाने पर उड़ानों को रद्द किया है। मंत्रालय ने बताया कि संकटग्रस्त घरेलू विमानन कंपनी इंडिगो ने 500 उड़ानें रद्द कर दी हैं और सोमवार को 1,802 उड़ानें संचालित करने की योजना है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!