High Speed Train Trial: भारतीय रेलवे (Indian Railways) ट्रेनों की स्पीड को लगातार बढ़ा रहा है। अब भारतीय रेलवे एक और हाई स्पीड ट्रेन का ट्रायल शुरू करने जा रही है। इसके लिए रूट और डेट तय कर दी गयी है। जानकारी के अनुसार, भारतीय रेलवे ने लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है और कहा है कि निर्धारित डेट में ट्रैक पार न करें। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि अगर ऐसा करते हैं तो उसकी जिम्मेदारी भारतीय रेलवे की नहीं होगी।
झांसी मंडल के कुलपहाड़-महोबा खंड के बीच हो रहा ट्रायल
उत्तर मध्य रेलवे के अनुसार झांसी मंडल के कुलपहाड़-महोबा खंड के बीच 8 और 9 जून को हाई स्पीड ट्रेन ट्रायल टेस्ट किया जा रहा है। रेलवे ने लोगों से अपील की है कि इस खंड में लाइन के आसपास जानवरों को न आने दें। रेल ट्रैक को पार न करें। लाइन पार करने के लिए रेलवे ओवर ब्रिज और अंडर ब्रिज का प्रयोग करें। साथ ही यह भी चेतावनी दी है कि उक्त स्पीड ट्रायल के दौरान रेल लाइन पर यदि कोई दुर्घटना होती है तो रेलवे की कोई जिम्मेदारी नहीं होगी। ट्रायल के दौरान पहली बार इस रूट पर काफी स्पीड से ट्रेन दौड़ेगी। आसपास के लोगों को ट्रेन की स्पीड का अंदाजा नहीं है। इस वजह से कोई हादसा हो सकता है।
