देश

पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने आया था शख्स, लौटते समय विमान हादसे में हुई मौत, लंदन में अकेले रह गईं बेटियां

अपनी मौत से पहले भारतीबेन ने अपनी अस्थियां गुजरात में प्रवाहित करने की इच्छा जताई थी। अपनी पत्नी की इस आखिरी इच्छा को पूरा करने भारतीय मूल के ब्रिटेन नागरिक अर्जुन अमरेली जिले में अपने पैतृक गांव वादिया आए थे। पत्नी का अंतिम संस्कार पूरी करने के बाद वह लंदन में अपनी दो बेटियों के पास लौट रहे थे।

Image

एयर इंडिया विमान हादसे में गई अर्जुन पटोलिया की जान।

Air India crash : अहमदाबाद एयर इंडिया प्लेन हादसे में जान गंवानों वाले लोगों दुखभरी कहानियां सामने आ रही हैं। ये कहानियां बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली हैं। विमान हादसे में जवान गंवाने वाले लोगों में 36 साल के अर्जुन मानूभाई पटोलिया भी हैं। पटोलिया अपनी दिवंगत पत्नी की अंतिम इच्छा पूरी करने आए थे लेकिन लौटते समय वह इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे का शिकार हो गए। अर्जुन की लंदन में बच्चियां हैं जो अनाथ हो गई हैं।

एक सप्ताह पहले हुई पत्नी की मौत

रिपोर्टों के मुताबिक अर्जुन की पत्नी भारतीबेन की मौत एक सप्ताह पहले लंदन में हुई। अपनी मौत से पहले भारतीबेन ने अपनी अस्थियां गुजरात में प्रवाहित करने की इच्छा जताई थी। अपनी पत्नी की इस आखिरी इच्छा को पूरा करने भारतीय मूल के ब्रिटेन नागरिक अर्जुन अमरेली जिले में अपने पैतृक गांव वादिया आए थे। पत्नी का अंतिम संस्कार पूरी करने के बाद वह लंदन में अपनी दो बेटियों के पास लौट रहे थे। उनकी एक बेटी की उम्र चार साल और दूसरी की आठ वर्ष है। लंदन के गेटविट एयरपोर्ट के लिए वह गुरुवार को एयर इंडिया के विमान में सवार हुए जो टेक ऑफ करने के कुछ ही देर बार रिहायशी इलाके में गिर गया।

विमान में सवार 241 लोगों की जान गई

एअर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार 241 लोगों की जान चली गई। यह पहली बार है कि सबसे अधिक बिकने वाले बड़े आकार के ड्रीमलाइनर (बोइंग 787) के दुर्घटनाग्रस्त होने से लोगों की जान गई और खुद विमान का ढांचा भी नष्ट हो गया। विमानों का विश्लेषण करने वाली कंपनी सिरियम के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त हुआ बोइंग 787-8 विमान - वीटी-एएनबी - 11.5 वर्ष पुराना था और 41,000 घंटों से अधिक उड़ान भर चुका था।

अंजू अपनी बड़ी बेटी से मिलने लंदन जा रही थीं

हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के रामसरन माजरा गांव निवासी बुजुर्ग दंपति की बेटी अंजू शर्मा (55) भी बृहस्पतिवार को अहमदाबाद में उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान में सवार थी। अंजू, अपनी बड़ी बेटी से मिलने के लिए लंदन जा रही थी। अंजू के चाचा बालकिशन शर्मा ने शुक्रवार को फोन पर बताया कि अंजू के माता-पिता को अब तक इस दुर्घटना के बारे में नहीं बताया गया है, क्योंकि परिजनों को डर है कि वे इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाएंगे। उन्होंने बताया, 'मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं अपने भाई को यह दुखद समाचार कैसे बताऊं। लेकिन हम इसे ज्यादा समय तक छिपा नहीं सकते...।' बालकिशन ने बताया कि नब्बे के दशक में अंजू की पटियाला में शादी हुई और बाद में वह वहां से वडोदरा में बस गई।

इरफान समीर शेख के सपने बिखर गए

विमान के चालक दल के सदस्यों में शामिल इरफान समीर शेख दो साल पहले ही इस क्षेत्र से जुड़े थे और उनके बड़े सपने थे, जो अब बिखर चुके हैं।

उनके परिवार के एक सदस्य के अनुसार शेख 22 वर्ष के थे। उनका परिवार पुणे शहर के पास पिंपरी चिंचवाड़ इलाके में रहता है। बृहस्पतिवार दोपहर अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतररष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान (एआई171) मेडिकल कॉलेज के परिसर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। विमान में दो पायलट और चालक दल के 10 सदस्य 242 लोग सवार थे।

इस भीषण दुर्घटना में 265 लोगों की मौत हो गई।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!