FIFA World Cup Tickets Prices: सह मेजबान अमेरिका और मैक्सिको के फीफा विश्व कप से बाहर होते ही क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के टिकटों की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। दर्शकों की दिलचस्पी कम होने का सीधा असर रीसेल मार्केट पर दिख रहा है। टिकपिक वेबसाइट के मुताबिक, कैलिफोर्निया के इंगलवुड में शुक्रवार को स्पेन और बेल्जियम के बीच खेले गए क्वार्टर फाइनल के लिए सबसे सस्ता टिकट 1,381 डॉलर में मिला। अंतिम-16 में बेल्जियम के खिलाफ अमेरिका की हार से पहले इसी मैच के टिकट की सबसे कम कीमत 3,261 डॉलर थी। यानी हार के बाद दाम आधे से भी कम हो गए।
इंग्लैंड- नॉर्वे जैसी टीमों के मैच के टिकट सस्ते
इसी तरह शनिवार को फ्लोरिडा के मियामी गार्डन्स में इंग्लैंड और नॉर्वे के बीच होने वाले मुकाबले के टिकट भी सस्ते हो गए हैं। इंग्लैंड की मैक्सिको पर जीत से पहले सबसे कम कीमत 3,866 डॉलर थी, जो अब घटकर 2,049 डॉलर रह गई है। मेजबान टीम के बाहर होने से स्थानीय फैंस की दिलचस्पी घटी है। कनसास सिटी में अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल का भी यही हाल है। इस मैच के लिए सबसे सस्ता टिकट अब 1,142 डॉलर में मिल रहा है, जबकि कुछ दिन पहले तक इसकी कीमत 2,381 डॉलर थी।
घरेलू दर्शकों की संख्या में भारी कमी
विश्लेषकों का मानना है कि अमेरिका और मैक्सिको जैसी बड़ी फैन फॉलोइंग वाली टीमों के बाहर होने से स्टेडियम में घरेलू दर्शकों की संख्या घटेगी। अमेरिकी फैंस बड़ी ताद में टिकट खरीदते हैं, लेकिन टीम के बाहर होते ही रीसेल मार्केट में सप्लाई बढ़ जाती है और कीमतें गिर जाती हैं। इस बीच फीफा ने फाइनल के टिकटों की नई खेप जारी की है। न्यूजर्सी के ईस्ट रदरफोर्ड स्थित मेटलाइफ स्टेडियम में 19 जुलाई को होने वाले खिताबी मुकाबले के लिए श्रेणी दो के लगभग 1,200 टिकट 7,380 डॉलर प्रति टिकट की दर से बिक्री के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। फाइनल के लिए मांग अब भी बरकरार है, इसलिए फीफा ने ऊंची कीमत पर ही टिकट निकाले हैं। क्वार्टर फाइनल में अब यूरोपीय और दक्षिण अमेरिकी टीमों का दबदबा है। स्पेन, बेल्जियम, इंग्लैंड, अर्जेंटीना जैसी टीमों के फैंस जरूर स्टेडियम पहुंचेंगे, लेकिन मेजबान देशों के बिना टिकट बाजार में वह गर्मी नहीं दिख रही जो ग्रुप स्टेज और अंतिम-16 तक थी। आयोजकों को उम्मीद है कि सेमीफाइनल तक कीमतें फिर से स्थिर हो जाएंगी।
