Indian Navy: भारतीय नौसेना ने समुद्र में एक बार फिर से अपने शौर्य का प्रदर्शन किया है। नौसेना ने सोमालिया के तट पर समुद्री डाकूओं द्वार बंधक बनाए गए एक जहाज को छुड़ा लिया है। इस जहाज पर ईरानी और पाकिस्तानी वर्कर सवार थे।
8 पाकिस्तानी नागरिकों को बचाया
PTI के अनुसार इंडियन नेवी ने सोमालिया के पूर्वी तट पर 11 ईरानी और आठ पाकिस्तानी नागरिकों के चालक दल के साथ एक ईरानी ध्वज लगे मछली पकड़ने वाले जहाज पर समुद्री डकैती के प्रयास को विफल कर दिया। अधिकारियों ने शुक्रवार को कहा कि भारतीय युद्धपोत आईएनएस शारदा सात समुद्री लुटेरों द्वारा एफवी ओमारिल पर चालक दल के सदस्यों को बंधक बना लिए जाने के बाद बचाव के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में समुद्री डकैती रोधी मिशन के लिए तैनात युद्धपोत को उस समय जहाज को रोकने के लिए भेज दिया गया, जब क्षेत्र में निगरानी कर रहे भारतीय नौसेना के विमान ने सफलतापूर्वक एफवी ओमारिल का पता लगा लिया।
31 जनवरी को नौसेना को मिली थी सूचना
नौसेना को समुद्री डकैती की घटना की जानकारी 31 जनवरी की देर रात मिली। भारतीय नौसेना के प्रवक्ता कमांडर विवेक मधवाल ने कहा- "ईरानी ध्वज वाले जहाज एफवी ओमारिल पर सात समुद्री डाकू सवार हो गए थे, जिन्होंने चालक दल को बंधक बना लिया था।"
एक्शन के बाद रिहाई
उन्होंने कहा कि आईएनएस शारदा ने शुक्रवार तड़के जहाज को रोका और जहाज के साथ चालक दल की सुरक्षित रिहाई के लिए समुद्री डाकुओं को मजबूर करने के लिए अपनी नौकाओं का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि जहाज ने चालक दल के 11 ईरानी और आठ पाकिस्तानी सदस्यों की सफल रिहाई सुनिश्चित की है।
