Pahalgam Terror Attack: पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले को देखते हुए केंद्र सरकार ने तत्काल प्रभाव से पाकिस्तान नागरिकों को जारी किए गए वीजा को रद्द कर दिया है। साथ ही पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वह जल्द से जल्द स्वदेश लौट आएं। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि सरकार ने सुरक्षा पर कैबिनेट समिति (CCS) के फैसले के अनुरूप पाकिस्तानी नागरिकों की वीजा सेवा तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का निर्णय लिया है।
MEA ने क्या कुछ कहा?
- भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द माने जाएंगे।
- पाकिस्तानी नागरिकों को जारी मेडिकल वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध रहेंगे।
- भारत में इस समय रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों को वीजा अवधि, जो अब संशोधित कर दी गई, के समाप्त होने से पहले देश छोड़ देना चाहिए।
- भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है।
- वर्तमान में पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों को भी जल्द से जल्द भारत लौटने की सलाह दी जाती है।
'जल्द से जल्द वापस लौटें भारतीय'
पाकिस्तान के साथ तनातनी के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तान में मौजूद भारतीय नागरिकों से अपील की है कि वह जल्द से जल्द स्वदेश वापस लौट आएं। साथ ही मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को पाकिस्तान की यात्रा करने से परहेज करने की सलाह दी है।
आतंकियों ने अंधाधुंध की गोलीबारी
पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकवादी हमले में मारे गए 26 लोगों में सिर्फ एक विदेशी नागरिक था और वह नेपाल का है। इससे पहले अधिकारियों ने एक सूची तैयार की थी, जिसमें उत्तराखंड के एक निवासी को संयुक्त अरब अमीरात का नागरिक दिखाया गया था। हालांकि, बुधवार रात को सरकार ने पहली बार आधिकारिक तौर पर हताहतों की संख्या की घोषणा की और कहा कि हमले में केवल एक विदेशी मारा गया है।
