देश

आतंक के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा करने के भारत के अधिकार को विभिन्न देशों ने मान्यता दी: जयशंकर

जयशंकर ने कहा कि इटली के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी ‘‘साझा मूल्यों और आपसी हितों’’ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह बात जी-20 जैसे मंचों और जी-20 तथा जी-7 मंचों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई बैठकों से स्पष्ट होती है।

Image

इतालवी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में विदेश मंत्री एस जयशंकर

Photo : Twitter

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बुधवार को कहा कि भारत ने पहलगाम हमले के मद्देनजर आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करके ‘‘दृढ़ और सटीक’’ जवाब दिया तथा आतंकवाद के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा करने के देश के अधिकार को दुनिया भर के देशों ने भी मान्यता दी है। यहां इतालवी दूतावास में आयोजित एक कार्यक्रम में अपने संबोधन में उन्होंने 22 अप्रैल को हुए बर्बर आतंकवादी हमले के बाद इटली द्वारा व्यक्त की गई एकजुटता को भी याद किया। पहलगाम आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी।

विदेश मंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भारत-इटली द्विपक्षीय संबंध निस्संदेह उन्नति की ओर अग्रसर हैं। यह कार्यक्रम बुधवार शाम इटली के राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। जयशंकर ने कहा, ‘‘हम जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले के बाद भारत के प्रति इटली की एकजुटता और समर्थन के लिए आभारी हैं। भारत ने आतंकवादी केंद्रों और ठिकानों को नष्ट करके दृढ़, सटीक जवाब दिया। आतंकवादी कृत्यों के खिलाफ अपने लोगों की रक्षा करने के भारत के अधिकार को दुनिया भर के देशों ने भी मान्यता दी है। हमारा मानना है कि दुनिया आतंकवाद और सीमा पार आतंकवाद के प्रति शून्य सहिष्णुता रखेगी।’’

अपने संबोधन में जयशंकर ने कहा कि इटली के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी ‘‘साझा मूल्यों और आपसी हितों’’ पर आधारित है। उन्होंने कहा कि यह बात जी-20 जैसे मंचों और जी-20 तथा जी-7 मंचों पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनकी इतालवी समकक्ष जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई बैठकों से स्पष्ट होती है। उन्होंने रेखांकित किया कि भारत की इटली के साथ साझेदारी भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारा, वैश्विक जैव ईंधन गठबंधन, भारत-प्रशांत महासागर पहल, अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन और आपदा रोधी अवसंरचना के लिए गठबंधन जैसी बहुपक्षीय पहल में भी है।

जयशंकर ने कहा, ‘‘पिछले साल नवंबर में दोनों प्रधानमंत्रियों (मोदी-मेलोनी) द्वारा 2025-29 के लिए संयुक्त रणनीतिक कार्य योजना (जेएसएपी) को अपनाने के बाद हमारे द्विपक्षीय संबंध प्रगाढ़ हुए हैं। हमें उम्मीद है कि जेएसएपी में प्रदान की गई रूपरेखा हमारे समाजों और लोगों के लिए ठोस और व्यावहारिक परिणाम देगी।’’

विदेश मंत्री ने कहा कि व्यापार और आर्थिक सहयोग दोनों देशों की साझेदारी का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। जयशंकर ने यह भी रेखांकित किया कि इटली में भारतीय प्रवासी समुदाय यूरोप में सबसे बड़ा है और विभिन्न क्षेत्रों में उनके योगदान के लिए सराहना की जाती है। विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘चाहे हिंद-प्रशांत क्षेत्र हो या हिंद-भूमध्यसागर क्षेत्र, प्रायद्वीपीय राष्ट्रों के रूप में भारत और इटली सामुद्रिक हितों को साझा करते हैं तथा नौवहन की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता रखते हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में इटली की अधिक उपस्थिति तथा इसके अंतर्गत गतिविधियां संचालित करना...निश्चित रूप से हमारे सहयोग को और बढ़ावा देगा।’’

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article