देश

कोरोना का कहर! दिल्ली में 1 की मौत, कई राज्य अलर्ट पर; कांग्रेस ने सरकार को घेरा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 22, 2022, 12:01 AM IST

चीन समेत कई देशों में कोरोना के मामलों में हाल में वृद्धि देखने को मिली है। चीन में तो कोरोना से हालत बेकाबू हो रखे हैं। वहीं अब भारत में भी इसका खतरा बढ़ते हुए दिख रहा है। चीन में जिस वेरिएंट ने तबाही मचा रखी है, उसके तीन मामले भारत में सामने आए हैं।

देश में कोरोना एक बार फिर से डराने लगा है। चीन में जिस वेरिएंट ने तबाही मचाई है, उसके मामले अब भारत में भी आने लगे हैं। वहीं दिल्ली में कोरोना से एक शख्स की मौत हो गई है। वहीं अब लगभग सभी राज्य इसे लेकर सतर्क दिख रहे हैं। वहीं यूपी समेत कई राज्य अलर्ट मोड में भी आ गए हैं।

दिल्ली का हाल

दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक 21 दिसंबर को कोरोना के 5 न‌ए मामले आए और 1 मरीज की मौत हुई, हालांकि कोरोना संक्रमण दर 0.19% ही है। पिछले 24 घंटों में महज 2642 कोरोना टेस्ट किए गए और 8 मरीज ठीक हुए। दिल्ली में फिलहाल कोरोना के कुल 27 सक्रिय मामले है, जिनमें से 19 मरीज होम आइसोलेशन में है और 3 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। 3 कंटोनमेंट जोन बनाए गए हैं।

कांग्रेस का पलटवार

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री की चिट्ठी के बाद अब कांग्रेस ने केंद्र सरकार और भाजपा पर पलटवार किया है। स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को रोकने के लिए चिट्ठी लिखी थी। कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हमारे स्वास्थ्य मंत्री को जुलाई, सिंतबर महीने में आए वेरिएंट पर ब्योरा देना चाहिए था कि उसमें क्या कार्रवाई हुई। कल सदन में PM के नेतृत्व में मिलेट लांच हुआ था। उसमें PM ने मास्क नहीं पहना था। PM ने त्रिपुरा, गुजरात में रैली की थी क्या तब कोविड नहीं था?

यूपी में योगी का निर्देश

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ नीत सरकार ने बेसहारा, निराश्रित और कमजोर वर्ग के लोगों को ठंड और शीतलहर के प्रकोप से बचाने के लिए बनाए गए रैन बसेरों का संचालन कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार करने का निर्देश दिया है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि रैन बसेरों में साफ-सफाई के साथ कोरोना प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित किया जाए।

ओमिक्रॉन सबवेरिएंट बीएफ.7

ओमिक्रॉन सबवेरिएंट बीएफ.7 के तीन मामले अब तक भारत में पाए गए हैं। गुजरात में अक्टूबर में BF.7 के पहले मामले का पता चला था। अब तक गुजरात से दो मामले सामने आए हैं जबकि ओडिशा से एक मामला सामने आया है। इसी वैरिएंट ने चीन में तबाही मचा रखी है।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article