Chenab Rail Bridge: वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री कर्ण सिंह ने जम्मू और कश्मीर में कई ऐतिहासिक रेलवे परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की प्रशंसा की है। सिंह ने कटरा-श्रीनगर रेल सेवा के उद्घाटन को क्षेत्र के इतिहास में सचमुच ऐतिहासिक क्षण बताया। शुक्रवार को जारी एक बयान में पूर्व सांसद ने कहा कि आज जम्मू-कश्मीर के इतिहास में सचमुच एक ऐतिहासिक क्षण है। कटरा से श्रीनगर तक ट्रेन का उद्घाटन एक आश्चर्यजनक तकनीकी उपलब्धि है और इसमें शामिल सभी लोग हमारे हार्दिक आभार के पात्र हैं। उन्होंने आगे कहा कि रेलवे लाइन का विचार पहली बार कई दशक पहले महाराजा प्रताप सिंह ने देखा था। वास्तव में, उस समय अंतरराष्ट्रीय इंजीनियरों द्वारा तीन परियोजना रिपोर्ट तैयार की गई थीं, जिनमें से एक वर्तमान मार्ग से काफी मिलती-जुलती है। 1 मार्च, 1892 को महाराजा प्रताप सिंह ने जम्मू और कश्मीर को जोड़ने वाली एक रेलवे परियोजना की आधारशिला भी रखी थी। हालांकि, उस समय इतने बड़े उपक्रम के लिए आवश्यक तकनीक और वित्त उपलब्ध नहीं थे।
घाटी में पर्यटन, व्यापार के नए युग की होगी शुरूआत : कर्ण सिंह
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने यूएसबीआरएल परियोजना के उद्घाटन और कटरा से श्रीनगर तक दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाने पर भी प्रधानमंत्री मोदी को बधाई दी। सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और इंदिरा गांधी के कार्यकाल के दौरान ही इस परियोजना ने आकार लेना शुरू किया था। मैं इस परियोजना को पूरा करने और आज इसका उद्घाटन करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं। सिंह ने आशा व्यक्त की कि यह रेल सेवा जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, व्यापार और वाणिज्य में वृद्धि के एक नए युग की शुरुआत करेगी। उन्होंने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह रेल सेवा घाटी और जम्मू दोनों में पर्यटन, व्यापार और वाणिज्य में वृद्धि के एक नए युग की शुरूआत करेगी। मैं जल्द ही स्वयं इस रेल यात्रा का आनंद लेने के लिए उत्सुक हूं, ताकि यहां बनाए गए अद्भुत पुलों और सुरंगों को देख सकूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कटरा रेलवे स्टेशन से दो वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाई, जो जम्मू संभाग को कश्मीर से सीधे जोड़ती हैं। उन्होंने जम्मू - कश्मीर के रियासी जिले में दुनिया के सबसे ऊंचे रेलवे आर्च ब्रिज-चिनाब रेलवे ब्रिज और भारत के पहले केबल-स्टेड अंजी ब्रिज का भी उद्घाटन किया। यह जम्मू-कश्मीर की रेलवे कनेक्टिविटी में एक बड़ा मील का पत्थर है। नदी से 359 मीटर ऊपर स्थित वास्तुकला का चमत्कार चिनाब रेल पुल दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे आर्च ब्रिज है। यह 1315 मीटर लंबा स्टील आर्च ब्रिज है जिसे भूकंप और हवा की स्थिति का सामना करने के लिए डिजाइन किया गया है। इस पुल का एक प्रमुख प्रभाव जम्मू और श्रीनगर के बीच संपर्क को बढ़ाना होगा।
