देश

Weather Report: दिल्ली-NCR समेत पूरे उत्तर भारत में बदलने वाला है मौसम, इस दिन होगी बारिश, जानिए अपने शहर के मौसम का हाल

  • Authored by: प्रांजुल श्रीवास्तव
  • Updated Nov 23, 2023, 09:39 AM IST

Weather Forecast: मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। वहीं दिल्ली-एनसीआर में 27 नवंबर को बारिश हो सकती है। इसके बाद तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा सकती है।

Image

मौसम समाचार

Photo : BCCL

Weather Forecast: दिल्ली-एनसीआर समेत आस-पास के राज्यों में पारा तेजी से नीचे लुढ़क रहा है। सुबह-शाम ठंड अचानक से बढ़ गई है। बुधवार को दिल्ली-एनसीआर के इलाकों में दोपहर के समय धूप खिली तो शाम होते ही यहां ठंडक महसूस होने लगी। मौसम विभाग की मानें तो बुधवार को न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 10.6 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो दिल्ली-एनसीआर और आसपास के राज्यों के मौसम में इस सप्ताह बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने बताया है कि यहां 27 नवंबर को बारिश हो सकती है, जिसके बाद न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और यह 10 डिग्री से भी नीचे जा सकता है। मौसम विभाग ने दिल्ली में हल्की धुंध छाए रहने के भी आसार जताए हैं।

पहाड़ों पर भी बदलेगा मौसम

पहाड़ी राज्यों का रुख करें तो ऑल इंडिया वेदर बुलेटिन में कहा गया है कि 25 नंवबर से पूर्वी हवाओं के साथ एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम और पश्चिम भारत को प्रभावित करने वाल है। इस ताजा विक्षोभ के कारण जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना जताई गई है, जिस कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ जाएगी। इसके अलावा मौसम विभाग ने 24 नवंबर तक तमिलनाडु, केरल, माहे और दक्षिण कर्नाटक में अलग-अलग जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। वहीं लक्षद्वीप, दक्षिणी कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तटीय ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ़, गोवा, कोंकण, दक्षिणी मध्य महाराष्ट्र में भी हल्की बारिश हो सकती है।

मध्य प्रदेश, राजस्थान और बिहार में भी बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के ताजा बुलेटिन में कहा गया है कि ताजा पश्चिमी विक्षोभ के कारण मध्य प्रदेश, राजस्थान, बिहार में भी मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 24 से 27 नवंबर के दौरान दक्षिणी राजस्थान के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। वहीं, मध्य प्रदेश में भी 25 नवंबर के बाद से मौसम में बदलाव होगा। 26 से 28 नवंबर के बीच भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत पश्चिमी हिस्से में बारिश का अनुमान जताया गया है। इसके अलावा बिहार, गुजरात में भी बारिश की संभावना है।

कश्मीर में लुढ़का पारा

जम्मू-कश्मीर में हो रही बर्फबारी के काररण तापमान मानइस में चला गया है। अधिकारियों के अनुसार, श्रीनगर में बीती रात को न्यूनतम तापमान शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जो इस मौसम में अब तक का सबसे कम तापमान है। पहलगाम सबसे अधिक ठंडा स्थान रहा जहां मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान माइनस 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पुलवामा में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।

प्रांजुल श्रीवास्तव
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article