देश

इजरायल ने हमास के वित्त प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराने का किया दावा, नेतन्याहू बोले- समूल नाश होने तक जारी रहेगा ऑपरेशन

नेतन्याहू और इस्राइल काट्ज ने कहा कि हम हमास के कमांडरों और लड़ाकों को निशाना बनाने,उसके फंडिंग स्रोतों पर कार्रवाई करने और उसके बुनियादी ढांचे को नष्ट करने का अभियान जारी रखेगे। हम हमास को अपनी ताकत दोबारा हासिल करने नहीं देंगे।

Image

पीएम नेतन्याहू

इजरायल ने गाजा में हमास के खिलाफ अपना अभियान जारी रखा है। इसी बीच, इजरायल ने दावा किया कि उसने दक्षिणी गाजा के खान यूनिस में एक टारगेटेड ऑपरेशन के दौरान हमास के वित्त विभाग के प्रमुख मुहम्मद अबू अलवान को मार गिराया है। इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और रक्षा मंत्री इस्राइल काट्ज ने इस बारे में बयान जारी किया है। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई इजरायल डिफेंस फोर्सेज (IDF) और इजरायल सिक्योरिटी एजेंसी (Shin Bet) ने मिलकर की।

रायटर्स के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, पश्चिमी खान यूनिस में एक वाहन पर हुए इजरायली हवाई हमले में दो लोगों की मौत हुई, जिनमें मुहम्मद अबू अलवान और ओसामा अबू खतेर बताए गए हैं। दो अन्य लोगों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

इजरायली नेतृत्व ने ऑपरेशन को सटीक कार्रवाई बताते हुए आईडीएफ और इजरायल सिक्योरिटी एजेंसी की तारीफ की है। नेतन्याहू और इस्राइल काट्ज ने कहा कि हम हमास के कमांडरों और लड़ाकों को निशाना बनाने,उसके फंडिंग स्रोतों पर कार्रवाई करने और उसके बुनियादी ढांचे को नष्ट करने का अभियान जारी रखेगे। उन्होंने कहा कि हम ये तब तक करते रहेंगे जब तक गाजा से हमास का समूल नाश नहीं हो जाता। हम हमास को अपनी ताकत दोबारा हासिल करने नहीं देंगे।

ड्रोन, गुब्बारे और पतंगों को लेकर भी चेतावनी

इजरायल की ओर से यह कार्रवाई ऐसे समय में सामने आई है जब गाजा से ड्रोन, गुब्बारे और पतंग उड़ाए जाने को लेकर भी तनाव बना हुआ है। नेतन्याहू ने इससे पहले चेतावनी दी थी कि अगर इस तरह के लॉन्च बंद नहीं हुए तो इजरायल जिम्मेदार लोगों के खिलाफ लक्षित कार्रवाई करेगा। इजरायल का कहना है कि वह 7 अक्टूबर से पहले की स्थिति में वापस नहीं लौटेगा।

दूसरी ओर, हमास ने इजरायल पर बच्चों की पतंगों को कार्रवाई का बहाना बनाने का आरोप लगाया था और अमेरिका, मध्यस्थ देशों तथा संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से इजरायल पर दबाव बनाने की अपील की थी। यह पक्ष इजरायल के दावों की अलग व्याख्या करता है।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!