देश

'मैं परिवारवाद में विश्वास नहीं करता, धर्मपत्नी को मुख्यमंत्री बनाने में कोई रुचि नहीं' बोले केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने जनता को संबोधित करते हुए कहा कि जो लोग मुझ पर परिवारवाद का आरोप लगा रहे थे, उन्हें मैंने गलत साबित कर दिया और मैं परिवारवाद में बिल्कुल विश्वास नहीं रखता हूं।

Image

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं जेल में था तो बहुत लोगों ने कहा कि अपनी पत्नी को मुख्यमंत्री बनाएंगे, मेरी धर्मपत्नी को मुख्यमंत्री बनने में कोई रुचि नहीं है। मैं परिवारवाद नहीं करता। मेरा कोई रिश्तेदार राजनीति में नहीं है। जिसे भी टिकट देंगे, सोच-समझकर टिकट देंगे, आपके सामने सिर्फ केजरीवाल होगा, 70 की 70 सीट पर केजरीवाल ही चुनाव लड़ेगा।

केजरीवाल ने कहा कि बीजेपी वाले कोशिश कर रहे हैं कि साम दाम दंड भेद कुछ भी करके दिल्ली के काम बंद करवाओ। मुझे गालियां देते थे कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ी देता है, अब मजबूरी में इन्हें हमारी भाषा बोलनी पड़ रही है। अब अमित शाह जी जा-जाकर बोलते हैं 200 यूनिट फ्री बिजली दूंगा।

अरविंद केजरीवाल ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा है कि बीजेपी वाले पूरे देश में कहते हैं कि डबल इंजन की सरकार लाओ। डबल इंजन के चक्कर में मत पड़ना, ये एक छलावा है। उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र समेत कई जगह इनकी डबल इंजन की सरकार है। लेकिन, दिल्ली की तरह बीजेपी शासित राज्यों में कहीं भी मुफ़्त बिजली, मुफ़्त पानी, मुफ़्त शिक्षा और मुफ़्त इलाज नहीं मिलता है।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के करीब आते ही अरविंद केजरीवाल और आम आदमी पार्टी के नेता दिल्ली सरकार के कामों को लेकर जनता के बीच पहुंच रहे हैं और लगातार उन्हें यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि किस तरीके से आम आदमी पार्टी ने जनता के साथ खड़े होकर उनके लिए काम किया है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!