Vice President Elections: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को राजग के उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राधाकृष्णन को उनकी उम्मीदवारी के लिए बधाई दी।
क्या कुछ बोले राजनाथ सिंह?
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीपी राधाकृष्णन के साथ मुलाकात की तस्वीरें भी शेयर कीं। उन्होंने लिखा, "थिरु सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की। राजग की ओर से उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनने पर उन्हें शुभकामनाएं दीं। मुझे विश्वास है कि थिरु राधाकृष्णन एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति साबित होंगे और भारत के लोगों की एक सशक्त आवाज बनेंगे।"
'उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे राधाकृष्णन'
राजग उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी से मुलाकात की थी। उन्होंने आडवाणी से भेंट की और उनका आशीर्वाद लिया। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीपी राधाकृष्णन की जीत की उम्मीद जताई है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वे राधाकृष्णन की प्रशंसा करते नजर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राधाकृष्णन एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे।
PM मोदी ने की राधाकृष्णन की प्रशंसा
प्रधानमंत्री मोदी ने राजग उम्मीदवार राधाकृष्णन की तारीफ करते हुए कहा, "मेरे एक बहुत पुराने मित्र हैं और आज मैं उनका परिचय करवा रहा हूं। कितने साल हो गए इस संबंध को, मेरे भी सारे बाल काले थे और राधाकृष्णन के भी। सर्वोच्च स्थान पर लोकसभा में 'सेंगोल' विराजमान है और वो 'सेंगोल' तमिलनाडु से आया है। अब राज्यसभा में भी सर्वोच्च स्थान पर तमिलनाडु का ही एक बेटा बैठने वाला है।"
उपराष्ट्रपति पद का चुनाव रोमांचक हो गया है। राजग ने सीपी राधाकृष्णन को उम्मीदवार बनाया है तो वहीं 'इंडी अलायंस' ने सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जस्टिस बी. सुदर्शन रेड्डी पर दांव खेला है। सनद रहे कि जगदीप धनखड़ के उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफे के बाद यह चुनाव हो रहा है। जगदीप धनखड़ ने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दिया था।
