देशभर में आज रंगों का त्योहार होली मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, पीएम मोदी, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने देशवासियों को होली की बधाई दी। होली का त्योहार शांतिपूर्वक रूप से मन सके इसके लिए संवेदनशील इलाकों में फोर्स की तैनाती की गई है। दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दी बधाई
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “रंगों के त्योहार होली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। हर्षोल्लास का यह पर्व एकता, प्रेम और सद्भाव का संदेश देता है। यह त्योहार भारत की अनमोल सांस्कृतिक विरासत का भी प्रतीक है। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सब मिलकर भारत माता की सभी संतानों के जीवन में निरंतर प्रगति, समृद्धि और खुशियों के रंग भरने का संकल्प लें।”
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने दी बधाई
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने होली की बधाई देते हुए 'एक्स' पर लिखा, “होली के पावन अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। होली बुराई पर अच्छाई की जीत और वसंत के आगमन का प्रतीक है, जो नई शुरुआत और नए दृष्टिकोण का प्रतीक है। यह होली हमें अपने विचारों को करुणा से, अपने कार्यों को दयालुता से और अपने दृष्टिकोण को हमारे महान राष्ट्र के लिए आशा से रंगने की याद दिलाए।”
पीएम मोदी ने दी बधाई
इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 13 मार्च को होली की बधाई देते हुए एक्स पर पोस्ट लिखा था, "आप सभी को होली की ढेरों शुभकामनाएं। हर्ष और उल्लास से भरा यह पावन-पर्व हर किसी के जीवन में नई उमंग और ऊर्जा का संचार करने के साथ ही देशवासियों की एकता के रंग को और प्रगाढ़ करे, यही कामना है।"
राहुल गांधी ने दी बधाई
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने लिखा- आप सभी को होली के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं। रंगों का यह त्यौहार आपके जीवन में नई उमंग, नए उत्साह और ढेर सारी खुशियां ले कर आए।
सीएम योगी ने दी बधाई
सीएम योगी ने एक्स पर लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह और तरंग के पावन पर्व होली की आप सभी को शुभकामनाएं! होली का पर्व एकता का संदेशवाहक है, जो हमें प्रेम और सौहार्द के साथ सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा प्रदान करता है। प्रभु श्री राम से कामना है कि यह पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि व नव उमंग के विविध रंगों से परिपूर्ण करें।”
प्रियंका गांधी ने दी बधाई
प्रियंका गांधी वाड्रा ने एक्स पर लिखा, “रंग, उमंग, उत्साह, उल्लास, बंधुत्व, बराबरी और मेलजोल के महापर्व होली की हार्दिक शुभकामनाएं। होली खेलते हुए हर किसी को प्यार से गले लगाइए। अपने परिवार, समाज और हर देशवासी के साथ खुशियां बांटिए। आप सबके लिए होली शुभ हो!”
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई अन्य नेताओं ने भी होली की शुभकामनाएं दी।
