Hindi Samachar 6 December 2022: सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि हमारी संस्कृति है कि किसी को भूखा नहीं सोना चाहिए। मंगलवार को कोर्ट ने इसके साथ ही केंद्र से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा कानून (एनएसएफएस) के तहत खाद्यान्न अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस बीच, वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख और कच्चे तेल के दाम में तेजी के बीच घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को गिरावट रही, जबकि साख निर्धारित करने वाली एजेंसी फिच रेटिंग्स ने चालू वित्त वर्ष (2022-23)के लिये भारत की आर्थिक वृद्धि दर के अनुमान को सात प्रतिशत पर बरकरार रखा है। वहीं, अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड जे ट्रंप के बेटे और यूएस कंपनी ट्रंप ऑर्गेनाइजेशन के कार्यकारी उपाध्यक्ष डोनाल्ड ट्रंप जूनियर इस महीने भारत आ सकते हैं। इस दौरे में वह भारतीय रियल एस्टेट बाजार में विस्तार की घोषणा भी कर सकते हैं। पढ़ें, आज की बड़ी और अहम खबरें:
एलएसी पर भारतीय सेना के डेप्लॉयमेंट्स की रीबैलेन्सिंग से चीन परेशान है। गलवान संघर्ष के बाद से इंडियन आर्मी ने पूर्वी लद्दाख सेक्टर में अपनी थल सेना आर्टिलरी आमद एविएशन को पूरी तरह से रीडिप्लॉय कर दिया है। सेना के साथ-साथ इंडियन एयरफोर्स भी अपनी पूरी क्षमता के साथ इस इलाके में तैनात है। तीसरे विंटर हॉल में चीन पर एलएसी के दूसरी तरफ अपनी पैठ मजबूत करने का दबाव साफ दिखाई दे रहा है।
चालू वित्त वर्ष में भारतीय अर्थव्यवस्था (Indian Economy) 6.9 फीसदी की दर से बढ़ सकती है। वर्ल्ड बैंक (World Bank) ने मंगलवार को एक रिपोर्ट में कहा कि भारत में मजबूत आर्थिक गतिविधियों के कारण सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के पहले के अनुमान को 6.5 फीसदी से अपग्रेड किया गया है। इस रिपोर्ट के मुताबिक इस साल औसत रिटेल इन्फ्लेशन (Inflation) 7.1 फीसदी पर रह सकती है। विश्व बैंक ने भरोसा जताया है कि चालू वित्त वर्ष में सरकार 6.4 फीसदी के राजकोषीय घाटे के लक्ष्य को हासिल कर लेगी।
उत्तर प्रदेश के बुलडोजर कानून को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका दाखिल हुई है। याचिकाकर्ता अनस चौधरी ने उत्तर प्रदेश गैंगस्टर्स-एंटी सोशल एक्टिविटीज प्रिवेंशन एक्ट (1986) की धारा 3,12 और 14 और प्रिवेंशन रूल(2021) को 16(3), 22, 35, 37(3) और 40 की संवैधानिक वैधता को चुनौती दी है। इस गैंगस्टर कानून के तहत यूपी सरकार की बुलडोजर की कार्रवाई कई बार आलोचना के घेरे में रही है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से फोन पर बात की और किडनी ट्रांसप्लांट के ऑपरेशन के बाद आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के स्वस्थ होने के बारे में पूछा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव (Lalu Yadav) की सोमवार को सिंगापुर के एक अस्पताल में सफलतापूर्वक किडनी ट्रांसप्लांट की सर्जरी हुई है। राजद प्रमुख की सर्जरी सिंगापुर के माउंट एलिजाबेथ अस्पताल में की गई।
श्रद्धा वालकर मर्डर केस में आरोपी आफताब पूनावाला को दोस्त की छत से जंगल देखने के बाद लिव-इन-पार्टनर की लाश के टुकड़े ठिकाने लगाने का आइडिया आया था। पूछताछ में उसने कबूला है कि हत्या के बाद उसने कुछ देर आराम किया था। फिर अगली सुबह उसने शव के कुछ हिस्सों के टुकड़े किए थे। आरोपी ने यह भी बताया कि उसने श्रद्धा की लाश के टुकड़ों को तकरीबन चार महीनों तक फ्रिज में रखा था।
तीन वनडे मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में भारतीय क्रिकेट टीम को तब करारा झटका लगा जब जीत करीब होकर भी हाथ से निकल गई। मेहदी हसन मिराज के शानदार प्रदर्शन के दम पर बांग्लादेश ने एक बेहतरीन जीत दर्ज की और वनडे सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। अब अगर भारत को सीरीज में बने रहना है तो उसे दूसरे वनडे में बुधवार को जीत दर्ज करनी ही होगी। इस करो या मरो वाले मुकाबले के लिए भारतीय टीम को कमर कसनी होगी।
सलमान खान के रिएलिटी शो 'बिग बॉस 16' (Bigg Boss 16) में हर दिन नए-नए ट्विस्ट देखने को मिल रहे हैं। इस शो में मौजूदा कंटेस्टेंट्स के बीच कम्पटीशन बढ़ता जा रहा है। सुंबुल तौकीर खान भी धीरे-धीरे घर की सबसे मजबूत कंटेस्टेंट बनकर उभर रही है। शुरुआत में सुंबुल को गेम को समझने में थोड़ी परेशानी जरुर हुई थीं लेकिन अब उन्होंने घर के मुद्दों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना शुरू कर दिया है। सुंबुल के फैन्स आज तक दावा करते हैं कि शालीन भट्ट ने ही उनके खेल में उछाला था। शालिन के साथ क्लोजनेस के कारण सुंबुल को बहुत कुछ झेलना पड़ा।
