देश

हिमाचल में नई सरकार की शपथः राहुल-प्रियंका की मौजूदगी में सुक्खू के सिर सजा CM ताज, उप-मुख्यमंत्री बने अग्निहोत्री

  • Edited by: अभिषेक गुप्ता
  • Updated Dec 11, 2022, 02:41 PM IST

Sukhwinder Singh Sukhu Oath Ceremony: इस बीच, मीरपुर के नादौन में सुखविंदर सिंह सुक्खू के पैतृक गांव ‘भाबरा’ में जश्न का माहौल देखने को मिला। सेलिब्रेशन के दौरान शनिवार को परिवार और गांव वालों के अलावा पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और लोग ढोल-नगाड़े पर नृत्य किया। महिलाओं ने स्थानीय गीत गाकर खुशी का इजहार किया, जबकि समर्थकों ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटी।

Image

हिमाचल में सीएम पद की शपथ लेते हुए सुखविंदर सुक्खू।

Photo : ANI

Sukhwinder Singh Sukhu Oath Ceremony: कांग्रेस के सीनियर नेता और चौथी बार विधायक बने सुखविंदर सिंह सुक्खू हिमाचल प्रदेश के नए मुख्यमंत्री (सूबे के 15वें सीएम) बन गए। रविवार (11 दिसंबर, 2022) को शिमला के रिज मैदान में कार्यक्रम स्थल पर राज्यपाल ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि मुकेश अग्निहोत्री उप-मुख्यमंत्री बने। नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

दरअसल, शनिवार को मुख्यमंत्री पद की वस्तुत: दावेदारी करने वाली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और कुछ अन्य नेताओं की पुरजोर लामबंदी के बीच शिमला में कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना गया। मीटिंग के बाद शुक्ला ने बताया कि विधायकों की राय के आधार पर अलाकमान ने फैसला किया है कि सुक्खू मुख्यमंत्री और अग्निहोत्री उप मुख्यमंत्री होंगे। अग्निहोत्री पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे।

कांग्रेस आलाकमान ने नदौन से विधायक 58 वर्षीय सुक्खू के नाम पर रजामंदी दी। राज्य की 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं। विधायक दल की बैठक के बाद सुक्खू, प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष प्रतिभा सिंह, बघेल, हुड्डा, शुक्ला और अग्निहोत्री ने राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा पेश किया था।

विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सुक्खू ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैंने 17 साल की उम्र से राजनीतिक जीवन शुरू किया। सोनिया गांधी, राहुल और प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का आभारी हूं। एक आम परिवार से ऊपर उठकर यहां तक पहुंचा हूं। राजीव गांधी ने मुझे एनएसयूआई का प्रदेश अध्यक्ष बनाया था, सोनिया गांधी ने युवा कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। फिर राहुल गांधी ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाया था।’’

अभिषेक गुप्ता
अभिषेक गुप्ताauthor

छोटे शहर से, पर सपने बड़े-बड़े. किस्सागो ऐसे जो कहने-बताने और सुनाने को बेताब. कंटेंट क्रिएशन के साथ नजर से खबर पकड़ने में पारंगत और "मीडिया की मंडी" में लगभग आठ साल का अनुभव. न्यूज, सिनेमा, बाइक्स और घूमने में दिलचस्पी.

और पढ़ें
End of Article