Nayab Singh Shapath Grahan Samaroh: नायाब सिंह सैनी ने मंगलवार को हरियाणा के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले ली। राजभवन में हुए एक समारोह में राज्यपाल ने उन्हें शपथ दिलाई। इस दौरान मनोहर लाल खट्टर भी राजभवन में मौजूद रहे। शपथ ग्रहण के बाद नायाब सिंह सैनी ने खट्टर के पैर छूकर आशीर्वाद लिया।
नायाब सैनी वर्तमान में हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हैं और कुरुक्षेत्र से लोकसभा सांसद भी हैं। यह पूरा राजनीतिक घटनाक्रम तब हुआ, जब मंगलवार को भाजपा-जजपा गठबंधन टूटने के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर समेत पूरी कैबिनेट ने अचानक से इस्तीफा दे दिया। इसके बाद बीजेपी विधायक दल की बैठक में नायाब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया।
नायाब सिंह की गिनती मनोहर लाल खट्टर के करीबी नेताओं में होती है। उनके पास संगठन में काम करने का लंबा अनुभव रहा है और संगठन में रहते हुए वह कई जिम्मेदारियां भी संभाल चुके हैं। बीते साल ही बीजेपी नेतृत्व ने उनपर भरोसा जताते हुए प्रदेश अध्यक्ष पद की कमान सौंपी थी।
ओबीसी समुदाय के नेता, लंबा राजनीतिक अनुभव
नायब सिंह सैनी ओबीसी समुदाय से आते हैं और जाट वोट बैंक पर उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। उनके पास संगठन में काम करने के साथ ही और राजनीतिक तौर पर लंबा अनुभव रहा है। 1996 में उन्हें हरियाणा बीजेपी के संगठन में जिम्मेदारी दी गई। उसके बाद 2002 में वह अंबाला बीजेपी युवा मोर्चा के जिला महामंत्री के पद पर रहे। 2005 में नायब सैनी अंबाला बीजेपी युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष भी रहे। इसके बाद उन्हें 2009 में बीजेपी किसान मोर्चा हरियाणा का प्रदेश महामंत्री बनाया गया। 2012 में वह अंबाला के जिला अध्यक्ष भी रहे। 2014 में उन्हें नारायण गढ़ विधानसभा सीट से टिकट मिला और वह विधायक बने।
खट्टर के करीबी नेताओं में गिनती
नायब सिंह सैनी की गिनती मनोहर लाल खट्टर के करीबी नेताओं में होती है। इसका मजमून 2016 में दिखाई दिया, जब खट्टर के नेतृत्व वाली सरकार में नायब सिंह सैनी को राज्यमंत्री बनाया गया। इसके बाद 2019 में उन्हें बीजेपी ने कुरुक्षेत्र से लोकसभा का टिकट दिया और वह सांसद बन गए। 2023 में बीजेपी नेतृत्व ने उन्हें हरियाण बीजेपी का प्रदेश अध्यक्ष भी बना दिया।
