Northeast Music Festival: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को दिल्ली में पूर्वोत्तर संगीत महोत्सव में भाग लिया और कहा कि पूर्वोत्तर के संगीत और उसकी भावना में भारत की असली ताकत दिखाई देती है, जो विविधता से भरपूर, आत्मविश्वासी और एकजुट है। लोकसभा में विपक्ष के नेता ने सोशल मीडिया मंच 'इंस्टाग्राम' पर महोत्सव में अपनी मौजूदगी की तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि उन्होंने एक शानदार शाम का आनंद लिया।
नॉर्थ ईस्ट म्यूजिक फेस्टिवल
दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में रविवार को नॉर्थ ईस्ट म्यूजिक फेस्टिवल का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम दोपहर 2:30 बजे शुरू हुआ और इस कार्यक्रम में प्रवेश पूरी तरह से निःशुल्क था।
राहुल गांधी ने शेयर की तस्वीरें
राहुल गांधी ने अपने पोस्ट में कहा, 'पूर्वोत्तर के संगीत और भावना में, आप भारत की वास्तविक शक्ति देखते हैं- विविधतापूर्ण, आत्मविश्वासी और एकजुट।''
असम कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई संगीत समारोह में राहुल गांधी के साथ थे। राहुल को संगीत समारोह में सेल्फी लेते और लोगों से बातचीत करते देखा गया। पूर्वोत्तर संगीत महोत्सव 'साउंड विदाउट कॉन्फ्लिक्ट' का आयोजन दिल्ली स्थित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में किया गया।
इससे पहले, राहुल गांधी शनिवार को महाराष्ट्र गए थे, जहां वह आरएसएस के एक कार्यकर्ता द्वारा उनके खिलाफ 2014 में दायर मानहानि के मामले में नया जमानतदार पेश करने के लिए ठाणे जिले में एक मजिस्ट्रेट की अदालत में उपस्थित हुए और उन्होंने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को अपना नया जमानतदार नामित किया।
कांग्रेस नेताओं से की मुलाकात
इसके बाद, राहुल गांधी ने मुंबई के एक होटल में पार्टी नेताओं से मुलाकात की और 15 जनवरी को हुए बीएमसी चुनावों में पार्टी के खराब प्रदर्शन के बारे में चर्चा की थी। पार्टी पदाधिकारियों ने बताया था कि उन्होंने मौजूदा राजनीतिक स्थिति के साथ-साथ पूरे महाराष्ट्र में कांग्रेस की स्थिति को मजबूत करने के लिए उठाये जा रहे कदमों पर चर्चा की।
