Hajipur Bihar Kanwariyas Death: बिहार के वैशाली जिले के हाजीपुर में सावन के तीसरे सोमवार को बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक करने जा रहे कांवड़ियों के वाहन पर लगा DJ हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया, जिससे करंट लगने से 9 लोगों की मौत हो गई, हादसे में दो लोग झुलस भी गए हैं, घटना के बाद से वहां हड़कंप है।
कांवड़ियों का जत्था पहलेजा घाट से गंगाजल भरने और बाबा हरिहरनाथ का जलाभिषेक करने के लिए निकला था कि रास्ते में 9 कांवड़ियों की हाई-वोल्टेज तार की चपेट में आने से झुलसकर मौत हो गई। ये घटना हाजीपुर के सुल्तानपुर गांव में संडे की देर रात की है घटना में दो लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं।
लड़के सोमवार को हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जाया करते हैं
सावन के महीने में यहां के लड़के सोमवार को हरिहरनाथ मंदिर में जलाभिषेक करने जाया करते हैं, संडे रात भी ये जलाभिषेक के लिए निकले थे इन्होंने यात्रा के लिए ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे का भी इंतजाम किया था जो हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और ये बड़ा हादसा हो गया।
ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया
इस घटना के लिए गांव वालों बिजली विभाग पर लापरवाही बता रहे हैं, जब एसडीएम और पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे तो ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया।
मृतक के परिवार के सदस्यों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि
वैशाली के जिलाधिकारी यशपाल मीणा ने बताया कि जिला प्रशासन ने प्रत्येक मृतक के परिवार के सदस्यों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का चेक सौंप दिया है। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और अगर कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
तीनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है
इससे पहले, हाजीपुर-सदर के उपमंडलीय अधिकारी रामबाबू बैठा ने पत्रकारों को बताया कि सुल्तानपुर गांव के इंडस्ट्रियल पुलिस थाना क्षेत्र में हुई इस घटना में नौ कांवड़ियों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। उन्होंने कहा कि तीनों घायलों को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
