देश

गुजरात आप विधायक चैतर वसावा हत्या की कोशिश के आरोप में अरेस्ट, बीजेपी पर भड़के केजरीवाल

वसावा ने कथित तौर पर सागबारा तालुका पंचायत की एक महिला अध्यक्ष को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। डेडियापाड़ा तालुका पंचायत अध्यक्ष संजय वसावा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, जब बैठक में शामिल डेडियापाड़ा तालुका पंचायत अध्यक्ष संजय वसावा ने विरोध किया तो विधायक ने कथित तौर पर उन पर मोबाइल फोन फेंककर मारा...

Image

गुजरात के आप विधायक चैतार वसावा गिरफ्तार

Gujarat AAP MLA Chaitar Vasava Arrested: गुजरात से आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक चैतर वसावा को नर्मदा जिले के डेडियापाड़ा में एक तालुका पंचायत पदाधिकारी पर कथित हमले के बाद हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना शनिवार को वसावा के निर्वाचन क्षेत्र डेडियापाड़ा के अंतर्गत प्रांत कार्यालय में आयोजित एक बैठक के दौरान हुई। पुलिस ने बताया कि वसावा को शनिवार देर रात गिरफ्तार किया गया। डेडियापाड़ा थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, बैठक के दौरान वसावा ने स्थानीय स्तर की समन्वय समिति ‘आपणो तालुको वाइब्रेंट तालुको’ (ATVT) के सदस्य पद पर उनकी ओर से नामित व्यक्ति के नाम पर विचार नहीं किए जाने पर आपत्ति जताई और आक्रोशित हो गए।

वसावा पर हमला करने का आरोप

वसावा ने कथित तौर पर सागबारा तालुका पंचायत की एक महिला अध्यक्ष को अपशब्द कहने शुरू कर दिए। डेडियापाड़ा तालुका पंचायत अध्यक्ष संजय वसावा द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, जब बैठक में शामिल डेडियापाड़ा तालुका पंचायत अध्यक्ष संजय वसावा ने विरोध किया तो विधायक ने कथित तौर पर उन पर मोबाइल फोन फेंककर मारा जिससे उनके सिर पर चोटें आईं। प्राथमिकी के अनुसार, विधायक ने शिकायतकर्ता पर कांच के गिलास से हमला करने की भी कोशिश की लेकिन वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक लिया।

इसमें कहा गया कि जैसे ही कांच टूटा, विधायक ने कांच के टुकड़े उठाए और संजय वसावा की ओर बढ़े और उन्हें जान से मारने की धमकी दी लेकिन शिकायतकर्ता किसी तरह भागने में सफल रहा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि विधायक ने कार्यालय में रखी एक कुर्सी को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद, डेडियापाड़ा पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 (हत्या का प्रयास), 79 (शब्दों, इशारों के माध्यम से किसी महिला की गरिमा का अपमान करना), 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना), 351 (3) (आपराधिक धमकी), 352 (जानबूझकर अपमान) और 324 (3) (संपत्ति को नुकसान पहुंचाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

केजरीवाल का बीजेपी पर निशाना

इस बीच, चैतर वसावा की गिरफ्तारी के बाद डेडियापाड़ा में तनाव बढ़ने पर स्थानीय प्रशासन ने कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में एक स्थान पर चार से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध लगा दिया। वहीं, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि विधायक को इसलिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि विसावदर में आप से हारने के बाद भाजपा नाराज है। उन्होंने हाल में हुए उपचुनाव का हवाला दिया जिसमें उनकी पार्टी के उम्मीदवार गोपाल इटालिया ने जीत हासिल की थी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article