Mamata Government dismissed: पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आरएन रवि ने ममता बनर्जी के इस्तीफे से इनकार करने के बाद बड़ी कार्रवाई की है। उन्होंने संवैधानिक शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा को भंग कर दिया है। जिससे ममता बनर्जी का पूरा मंत्रिमंडल भी बर्खास्त हो गया है। उनका ये कदम तब आया है जब पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हारने के बाद ममता बनर्जी ने मुख्यमंत्री पद छोड़ने से इनकार कर दिया था।
ममता बनर्जी ने किया था इस्तीफे से इनकार
ममता बनर्जी ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेस कर इस्तीफा देने से इनकार कर दिया था। उन्होंने कहा था कि वो हारी नहीं हैं, उन्हें हराया गया है। इतना ही नहीं उन्होंने बीते दिन इस मामले में राजनीतिक रुख और सख्त करते हुए आने वाले समय में लंबी राजनीतिक व कानूनी लड़ाई के संकेत दिए थे।
आज राज्यपाल ने विधानसभा भंग करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) का इस्तेमाल किया है। इस बाबत मुख्य सचिव ने बयान जारी किया है। इसमें कहा गया है कि राज्यपाल आर.एन. रवि ने संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) के तहत विधानसभा भंग करने का आदेश दिया है।यह आदेश आज यानी 7 मई 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।
मई 2021 में वर्तमान विधानसभा का हुआ था गठन
मई 2021 में वर्तमान विधानसभा का गठन किया गया था जब राज्य में ममता बनर्जी के नेतृत्व में तृणमूल कांग्रेस लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटी थी। हाल ही में संपन्न हुए दो चरणों के चुनावों के बाद, निवर्तमान विधानसभा को भंग किया जाना उसके कार्यकाल की औपचारिक समाप्ति का प्रतीक है। संसदीय कार्य विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की।
क्या है अनुच्छेद 174(2)(b)
बता दें कि पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर एन रवि ने विधानसभा भंग करने के लिए भारतीय संविधान के अनुच्छेद 174(2)(b) का प्रयोग किया है। यह अनुच्छेद राज्यपाल को राज्य की विधानसभा को भंग करने की ताकत देता है। इसके तहत राज्यपाल,मुख्यमंत्री या मंत्रिपरिषद की सलाह पर, 5 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने से पहले या विधानसभा में बहुमत खोने की स्थिति में उसे समय से पहले भंग कर सकते हैं।
नौ मई को होगा शपथ ग्रहण
बंगाल में पहली बार बनने जा रही भाजपा सरकार का शपथ ग्रहण समारोह नौ मई को सुबह 10 बजे आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह,स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा,राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ ही भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। इतना ही नहीं भाजपा बहुत बड़े स्तर पर इस जीत का जश्न मनाने की तैयारी में हैं। इस समारोह में 20 राज्यों के मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण समारोह में उपस्थित रहेंगे।
बंगाल के ऐसे रहे परिणाम
बता दें कि बीजेपी ने 293 विधानसभा सीटों वाले बंगाल में 207 सीटें जीतकर इतिहास रच दिया है। बंगाल में टीएमसी के 15 सालों का राज खत्म हो गया है। सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को भवानीपुर सीट से शिकस्त दी है। इसके अलावा वो नंदीग्राम सीट से भी उन्होंने जीत हासिल कर ली है।बंगाल में वह बीजेपी का मुख्य चेहरा माने जाते हैं।
