एजेंसियों ने बड़ी साजिश को कर दिया नाकाम
10 नवंबर 2025, सोमवार को दिल्ली में लाल किला के पास हुए जोरदार धमाके ने पूरे देश को हिला दिया। इस विस्फोट में 13 लोगों की जान चली गई। वारदात के बाद सुरक्षाबल तत्काल घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे इलाके को घेर लिया। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाने के साथ ही, इस घटना की सघन जांच भी शुरू कर दी गई। सरकार ने इस मामले की हर एंगल से जांच करने की बात कही। इस वारदात के तार एक बड़े आतंकवादी मॉड्यूल से जुड़ रहे हैं, जिस पर देश की सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां लगातार नजर बनाए हुए थीं और कार्रवाई करके उनके मंसूबों को नाकाम करने में जुटी हुई थीं।
आतंकवाद के खिलाफ देश मजबूती से खड़ा है और आतंकियों की हर नापाक हरकत को ध्वस्त करने के लिए एजेंसियां लगातार जुटी हुई हैं। लाल किला धमाके से जुड़े जैश-ए-मोहम्मद मॉड्यूल को ध्वस्त करके एजेंसियों ने देश के खिलाफ आंख उठाने वालों को कड़ा संदेश दिया है।
जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के नौगाम पुलिस चौकी क्षेत्र में कुछ समय पहले कुछ आपत्तिजनक पोस्टर्स पाए गए थे। इसके बाद 19 अक्टूबर 2025 को इस संबंध में एक FIR भी दर्ज की गई थी। श्रीनगर की इस घटना के मामले में 20-27 अक्टूबर के बीच मौलवी इरफान अहमद वाघे को शोपियां से, जमीर अहमद को गांदरबल से गिरफ्तार किया गया था। लाल किले के पास हुए विस्फोट के तार भी इसी घटना से जुड़े हुए हैं।
5 नवंबर को सहारनपुर से डॉक्टर अदील को पकड़ा गया था। इसके बाद 7 नवंबर 2025 को अनंतनाग अस्पताल से एक AK-56 बंदूक और अन्य गोला-बारूद भी जब्त किया गया। 8 नवंबर को अलफला मेडिकल कॉलेज से कुछ और बंदूकें, पिस्तौल और बारूद जब्त किया गया।
गिरफ्तार किए गए लोगों से पूछताछ की गई तो इस मॉड्यूल में शामिल अन्य लोगों के बारे में भी जानकारी मिली। इस जानकारी के आधार पर ही फरीदाबाद के अलफला मेडिकल कॉलेज से एक डॉक्टर मुजम्मिल नामक शख्स को गिरफ्तार किया गया। सुरागों के आधार पर बड़ी मात्रा में हथियार और बारूद जब्त किए गए और अन्य गिरफ्तारियां भी की गईं।
9 नवंबर को फरीदाबाद के धौज इलाके से मदरासी नामक एक व्यक्ति को उसके घर से पकड़ा गया। इसके बाद 10 नवंबर को फरीदाबाद के धेरा कॉलोनी से बड़ी मात्रा में विस्फोटकों की खेप बरामद की गई, जो 2563 किलो थी। फरीदाबाद की अलफला मस्जिद में ईमाम के तौर पर कार्यरत, मेवात निवासी हफीज मोहम्मद इश्तियाक के घर से यह जब्ती हुई। छापों के दौरान 358 किलो विस्फोटक सामग्री और डेटोनेटर/टाईमर आदि भी जब्त किए गए। इस तरह से पूरे मॉड्यूल के पास से लगभग 3 हजार किलो विस्फोटक पदार्थ और बन बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए गए। इस पूरी कार्रवाई के दौरान अलफला मेडिकल कॉलेज में कार्यरत और मॉड्यूल का अंर डॉक्टर उमर की खोज में कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह जगह बदलता रहा।
लाल किला के पास हुए धमाके में जिस कार का इस्तेमाल हुआ, उसे मॉड्यल से जुड़ा डॉक्टर उमर चलाता था। यह विस्फोट भी उसी सामग्री से हुआ, जिसका संग्रहण फरीदाबाद में हो रहा था। मामले की अभी जांच चल रही है कि यह विस्फोट पूर्व नियोजित था या गलती या जल्दबाजी से हो गया।
इस पूरे मामले में कहा जा सकता है कि देश की सुरक्षा एजेंसियों और सूचना तंत्र की मुस्तैदी के कारण फरीदाबाद मॉड्यूल ध्वस्त हो गया। एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक जब्त करके एक बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। जिससे देश में लाल किला ब्लास्ट से बड़ी आतंकी घटना को अंजाम दिया जा सकता था। सुरक्षा एजेंसियों की लगातार कार्रवाई से बौखलाकर डॉ. उमर भागा-भागा फिर रहा था और बौखलाहट, घबराहट और विकल्पहीनता में लाल किला विस्फोट हो गया, जिसके पूर्व नियोजित या एक्सीडेंटल होने की पुष्टि जांच के बाद होगी। लेकिन यह साफ है कि यह उस कड़ी का ही अभिन्न अंग है, जिसका पर्दाफाश देश की सुरक्षा एजेंसियों और खुफिया एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में विस्फोटक जब्त करके किया।
सोमवार 10 नवंबर को जैसे ही लाल किला के पास धमाके की खबर आी, दिल्ली पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने NSG, NIA और फॉरेंसिक टीम को तुरंत वहां पहुंचने के निर्देश दिए। घायलों को LNJP अस्पताल में भेजा गया। धमाके के लिए इस्तेमाल की गई कार के मालिक का पता लगाया गया। इसके साथ ही घटनास्थल से जरूरी डीएनए, विस्फोटक और अन्य सैंपल इकट्ठा करके, फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया। सरकार ने घटना के दूसरे ही दिन यानी मंगलवार 11 नवंबर को मामले की जांच NIA को सौंप दी, ताकि इस आतंकी मॉड्यूल से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा सके। अब NIA इस आतंकी मॉड्यूल की फंडिंग और ऑपरेशन से जुड़े लोगों को भी सामने लाएगा।
10 नवंबर 2025
6:55 PM - पुरानी दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास पर धमाका हुआ
7:15 PM - केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली पुलिस कमिश्नर से फोन पर घटना की जानकारी ली
9:00 PM - गृह मंत्री अमित शाह ने मीडिया बाइट देकर घटना की पूरी जानकारी दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गृह मंत्री अमित से बात कर घटना की जानकारी ली
09:30 PM - गृह मंत्री अमित शाह घायलों का हाल जानने LNJP अस्पताल पहुंचे
09:35 PM – LNJP अस्पताल में दिल्ली पुलिस कमिश्नर और अन्य अधिकारियों से घटना की जानकारी ली
09:45 PM – गृह मंत्री ने LNJP अस्पताल में घायलों से मुलाकात की
09:55 PM – गृह मंत्री ने अस्पताल में डॉक्टरों से ब्लास्ट के पीड़ितों के बारे में जानकारी ली
10:10 PM – गृह मंत्री अमित शाह ने अस्पताल से मीडिया को घटना की जानकारी दी
10:20 PM - गृह मंत्री अमित शाह ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया
11 नवंबर 2025
11:00 AM – गृह मंत्री अमित शाह ने अधिकारियों के साथ एक के बाद दो बैठकें कीं। पहली बैठक में केन्द्रीय गृह सचिव, IB निदेशक, NIA के DG, दिल्ली पुलिस कमिश्नर और वर्चुअल माध्यम से जम्मू-कमिश्नर के DG मौजूद थे। दूसरी बैठक में केन्द्रीय गृह सचिव, IB निदेशक, राष्ट्रीय सुरक्षा गारद के DG, NIA के DG, DFSS निदेशक, FSL के प्रधान निदेशक व निदेशक मौजूद रहे।
02:30 PM – दिल्ली धमाके की घटना की जांच एनआईए को सौंपी गयी।
12 नवंबर 2025
02:15 PM - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान से वापस लौटे और उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से विस्तृत जानकारी ली और सतत रिव्यू किया
03:00 PM - प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भूटान से लौटने के बाद सीधे LNJP अस्पताल गए और घायलों का हाल जाना
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। देश (India News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से ।