Bihar Politics News: 'बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। लालू यादव ने पूरा चक्रव्यूह रच दिया है।', ये दावा भाजपा के फायरब्रांड नेता और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने किया है। उन्होंने कुछ दिन पहले ही ये कहा था कि जल्द आरजेडी और जेडीयू का विलय होगा। अब उन्होंने दावा किया है कि तेजस्वी यादव बिहार के मुख्यमंत्री बनने वाले हैं।
'अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं नीतीश कुमार'
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, 'बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब कुछ ही दिन के मेहमान हैं वह मुख्यमंत्री नहीं रहेंगे। लालू यादव ने पूरा चक्रव्यूह रच दिया है, पहला चक्रव्यूह- अवध बिहारी को स्पीकर बनाना। तेजस्वी यादव को नीतीश कुमार बिहार का मुख्यमंत्री नहीं बना रहे हैं, ये कुछ दिन के मेहमान हैं लालू जी उन्हें मुख्यमंत्री नहीं रहने देंगे।'
तेजस्वी यादव होंगे बिहार के अगले सीएम?
गिरिराज ने दावा किया है कि 'नीतीश कुमार के पास एक रास्ता यही है कि वह तेजस्वी को सीएम बना दें और दूसरा- JDU का RJD के साथ विलय कर दें। यही दो रास्ता है अगर नहीं माने तो उनका जाना तय है।' गिरिराज ने आगे बोला कि एनडीए में नीतीश की वापसी नहीं होगी, सारे दरवाजे बंद हो चुके हैं।
RJD और JDU का जल्द होगा विलय
पिछले सप्ताह ही गिरिराज सिंह ने दावा किया था कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जदयू) और लालू प्रसाद के राष्ट्रीय जनता दल (राजद) विलय की ओर बढ़ रहे हैं। वरिष्ठ भाजपा नेता ने यह दावा तब किया जब संवाददाताओं ने उनसे जनवरी तक लोकसभा चुनाव के वास्ते विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के बीच सीट के बंटवारे को अंतिम रूप देने पर कुमार द्वारा जोर दिये जाने के बारे में सवाल किया गया।
लालू को लेकर गिरिराज ने कही थी ये बात
गिरिराज सिंह ने शरारती अंदाज में कहा, 'लालू जी से मेरा व्यक्तिगत समीकरण है। उन्होंने मेरे कान में कई ऐसी बातें कहीं जिन्हें मैं सार्वजनिक रूप से सामने नहीं रख सकता। लेकिन मैं आपको इतना तक बता दूं कि जदयू का शीघ्र ही राजद के साथ विलय होने जा रहा है।' उल्लेखनीय है कि प्रसाद और सिंह हाल में दिल्ली से लौटते समय एक ही विमान में थे। राजद सुप्रीमो प्रसाद विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन में भाग लेने दिल्ली गये थे जबकि केंद्रीय मंत्री अभी-अभी समाप्त हुए संसद के सत्र में हिस्सा ले रहे थे।
