देश

भारत लाया जा रहा है गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई, रिमांड पर लेगी जांच एजेंसी, एयरपोर्ट पर पहुंचे अधिकारी

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (Baba Siddique Murder) के मुख्य आरोपी और 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई पर कई आरोप हैं।

Image

गिरफ्त में अनमोल बिश्नोई

Anmol Bishnoi: जेल में बंद कुख्यात डॉन लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत लाया जा रहा है। उसे दिल्ली एयरपोर्ट लाया जाएगा जहां जांच एजेंसी के अधिकारी उसे हिरासत में लेंगे। दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर केंद्रीय एजेंसियों के अधिकारी देखे गए हैं। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से भारत प्रत्यर्पित किया जा रहा है।

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी

एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड (Baba Siddique Murder) के मुख्य आरोपी और 2024 में बॉलीवुड स्टार सलमान खान के घर पर हुई गोलीबारी के मामले में वांछित गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई पर कई अन्य आरोप भी हैं। इस घटनाक्रम को भारतीय सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी जीत के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि वह विदेशों से प्रत्यर्पित किए जाने वाले गैंगस्टरों में अब तक का सबसे बड़ा नाम है।

अनमोल के खिलाफ देशभर में कई मामले दर्ज हैं, और उसकी पहली हिरासत किस एजेंसी को मिलेगी, इसका निर्णय केंद्र सरकार करेगी। गौरतलब है कि अनमोल बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में एक वांटेड आरोपी था। बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर 2024 को बांद्रा स्थित उनके कार्यालय के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले की जांच मुंबई पुलिस क्राइम ब्रांच कर रही है और अब तक 26 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड में से एक

अनमोल पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड में से एक है, जिनकी 2022 में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की 12 अक्टूबर, 2024 की रात को उनके बेटे जीशान के बांद्रा स्थित कार्यालय के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अनमोल का बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले गिरोह से जुड़े कई लोगों को सिद्दीकी हत्याकांड में गिरफ्तार किया गया था।

अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया

सूत्र बताते हैं कि उसे पिछले साल नवंबर में अमेरिकी अधिकारियों ने गिरफ्तार किया था। हालांकि उसे भारत में आपराधिक गतिविधियों से संबंधित आरोपों में नहीं बल्कि अमेरिका में अवैध रूप से प्रवेश करने के लिए दर्ज मामले में गिरफ्तार किया गया था। इसके कुछ दिनों बाद भारत ने प्रत्यर्पण प्रक्रिया शुरू कर दी थी। महाराष्ट्र की एक अदालत द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी करने और इंटरपोल द्वारा रेड कॉर्नर नोटिस जारी करने के बाद बिश्नोई के प्रत्यर्पण की कार्रवाई शुरू हुई।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article