Hyderabad family death in US- हैदराबाद के एक परिवार के चार सदस्यों- एक दंपति और उनके दो बच्चों की अमेरिका के अलबामा के ग्रीन काउंटी में एक कार दुर्घटना में मौत हो गई। उनके रिश्तेदारों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। शनिवार रात (स्थानीय समय) को गलत दिशा से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। ये परिवार अटलांटा में अपने एक रिश्तेदार से मिलने के बाद डलास लौट रहा था।
पिछले तीन साल से डलास में रह रहे थे
रिश्तेदार ने कहा, मेरे भाई की बेटी, दामाद और पोते पिछले तीन सालों से डलास में रह रहे थे। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, पीड़ितों की पहचान बी श्रीवेंकट, उनकी पत्नी तेजस्विनी और उनके दो बच्चों के रूप में हुई है। उन्होंने कहा कि उन्हें मिली जानकारी के अनुसार, दुर्घटना में कार पूरी तरह जल गई और पूरा परिवार जलकर मर गया।
उन्होंने कहा, स्थानीय पुलिस द्वारा हमारे रिश्तेदारों को दी गई सूचना के अनुसार, कुछ अधजले प्रमाण-पत्र मिले हैं, जिनके माध्यम से उनकी पहचान की जा रही है। हमें बताया गया है कि उनके दांत और हड्डियां मिली हैं। उन्हें फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट 48-72 घंटों में आने की संभावना है।
रिश्तेदार ने आगे कहा, यह हमारे लिए बहुत बड़ी त्रासदी है। हमें पता चला कि ट्रक के गलत रास्ते पर चलने के बारे में पुलिस को 26 कॉल आए थे। अगर तुरंत कार्रवाई की गई होती, तो ये लोग बच सकते थे। परिवार के रिश्तेदार हैदराबाद के कोमपल्ली इलाके में रहते हैं। उन्होंने बताया कि दंपति अमेरिका में काम करते थे और उन्होंने वहां एक घर खरीदा था। उनके कुछ रिश्तेदार अमेरिका जा रहे हैं।
