देश

गुलाम नबी आजाद के समर्थन में जिस बड़े नेता ने कांग्रेस से दिया था इस्तीफा, उसे हो रहा अब पछतावा

  • Authored by: शिशुपाल कुमार
  • Updated Dec 24, 2022, 07:18 PM IST

गुलाम नबी आजाद जब कांग्रेस से अलग हुए थे, तब कांग्रेस के कई बड़े नेता पार्टी छोड़कर उनके साथ चले गए थे, लेकिन अब वो फिर से कांग्रेस में वापस आने के लिए तैयार दिख रहे हैं। आजाद ने हाल ही में कांग्रेस के तीन पूर्व नेताओं को पार्टी से निकाल दिया था।

Image

गुलाम नबी आजाद का जिसने किया था समर्थन, अब वही कर रहे थे विरोध

Photo : PTI

जम्मू-कश्मीर में जिस जोश के साथ गुलाम नबी आजाद ने अपनी पार्टी शुरू की थी, वो जोश अब ठंडा पड़ता दिख रहा है, कारण है उनकी नई पार्टी में विद्रोह। आजाद ने कांग्रेस छोड़ने के बाद डेमोक्रेटिक आजाद पार्टी (DAP) का गठन किया था, जिसमें कांग्रेस के कई स्थानीय लेवल के बड़े नेता शामिल हो गए थे, लेकिन अब आजाद की पार्टी दरकने लगी है।

हो रहा पछतावा

गुलाम नबी आजाद के समर्थन में कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले जम्मू-कश्मीर के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारा चंद ने कहा कि कांग्रेस छोड़ना एक बड़ी भूल थी। तारा चंद ने कहा कि वे अपनी आखिरी सांस तक धर्मनिरपेक्ष रहेंगे और राहुल गांधी की अगुवाई वाली भारत जोड़ो यात्रा के जम्मू-कश्मीर में प्रवेश करने पर इसमें शामिल भी होंगे।

लगाए आरोप

इससे पहले तारा चंद ने कहा था कि वह कांग्रेस में लौट रहे हैं क्योंकि गुलाम नबी आज़ाद के नेतृत्व वाली डेमोक्रेटिक आज़ाद पार्टी केवल धर्मनिरपेक्ष वोटों को विभाजित कर रही है। उन्होंने कहा- "ज्यादातर लोग पार्टी छोड़ देंगे। पार्टी कहां है? यह लगभग न के बराबर है और केवल कुछ ही लोग इसमें रहेंगे।"

आजाद ने पार्टी से निकाला

डीएपी के अध्यक्ष गुलाम नबी आजाद ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए तारा चंद, डॉ मनोहर लाल और बलवान सिंह को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। वहीं पूर्व विधायक सुरनकोट चौधरी मोहम्मद अकरम आजाद के नेतृत्व वाली डीएपी से पहले ही दूरी बना चुके हैं। कहा जा रहा है कि ये सभी फिर से कांग्रेस में शामिल हो सकते हैं।

शिशुपाल कुमार
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article