देश

फिर विवादों में जाधवपुर यूनिवर्सिटी, परिसर में लिखे 'आजाद कश्मीर' और 'फ्री फिलीस्तीन' के नारे, FIR दर्ज

विश्वविद्यालय के गेट नंबर तीन के पास सोमवार को एक दीवार पर ‘आजाद कश्मीर’ और ‘फ्री फिलीस्तीन’ का नारा काले रंग के अक्षरों में लिखा देखा गया था, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि इसके पीछे कौन व्यक्ति या संगठन है।

Image

विवादों में जाधवपुर यूनिवर्सिटी

Azad Kashmir Graffiti on JU Campus: पश्चिम बंगाल का जाधवपुर विश्वविद्यालय एक बार फिर विवादों में है। विवि परिसर में आजाद कश्मीर और फ्री फिलीस्तीन का नारा लिखे जाने का मामला सामने आया है जिसके बाद पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नारा लिखने में शामिल होने के आरोप में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उन्होंने कहा, यादवपुर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61 (2) (आपराधिक साजिश) और 152 (संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कृत्य) के तहत स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया गया है।

दीवार पर लिखे आपत्तिजनक नारे

विश्वविद्यालय के गेट नंबर तीन के पास सोमवार को एक दीवार पर ‘आजाद कश्मीर’ और ‘फ्री फिलीस्तीन’ का नारा काले रंग के अक्षरों में लिखा देखा गया था, लेकिन यह पता नहीं चल पाया कि इसके पीछे कौन व्यक्ति या संगठन है। अधिकारी ने कहा, इन नारों और पोस्टरों में ऐसे संदेश हैं जो राष्ट्र की एकता की भावनाओं को ठेस पहुंचा सकते हैं। इनके पीछे जो भी लोग हैं, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि जांच के तहत पुलिस ने विश्वविद्यालय के छात्रों की एक सूची तैयार की है, जिनसे पूछताछ की जा सकती है। जाधवपुर विश्वविद्यालय में पिछले कुछ दिनों से विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं, जहां एक मार्च को परिसर में वामपंथी विरोध प्रदर्शन के दौरान राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु की कार और उनके साथ चल रहे एक अन्य वाहन से कथित तौर पर दो छात्र घायल हो गए थे। हिंसा के सिलसिले में बसु और प्रोफेसर और तृणमूल कांग्रेस नेता ओम प्रकाश मिश्रा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article