देश

Zubeen Garg Death: फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा दिल्ली में गिरफ्तार, 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा

बीन गर्ग की मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने सिंगापुर में पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत और गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ सरमा को 6 अक्टूबर तक जांच में शामिल होने के लिए समन जारी किया था।

Image

जुबीन गर्ग की मौत का मामला

गायक जुबीन गर्ग की मौत के मामले में पुलिस ने सिंगापुर में फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन गर्ग के मैनेजर सिद्धार्थ सरमा को दिल्ली में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बुधवार को बताया कि गायक की सिंगापुर में हुई मौत के सिलसिले में मुख्य आयोजक श्यामकानु महंत और जुबीन गर्ग के प्रबंधक सिद्धार्थ शर्मा को गिरफ्तार किया गया है। महंत को सिंगापुर से नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचते ही गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि सरमा को गुरुग्राम स्थित एक अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया कि दोनों को बुधवार सुबह गुवाहाटी लाया गया। एसआईटी ने बताया कि कामरूप (मेटो) जिले के सीजेएम (मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट) ने श्यामकनु महंत और सिद्धार्थ सरमा को 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मौत की जांच के लिए 10 सदस्यीय SIT का गठन

असम सरकार ने 19 सितंबर को समुद्र में डूबने से गायक की सिंगापुर में हुई मौत की जांच के लिए विशेष पुलिस महानिदेशक एमपी गुप्ता के नेतृत्व में 10 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया था। एसआईटी ने महंत, शर्मा और सिंगापुर असम एसोसिएशन के सदस्यों और महोत्सव के लिए सिंगापुर गए लोगों सहित कई लोगों को पेश होकर अपने बयान दर्ज कराने के लिए नोटिस जारी किए। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पहले कहा था कि महंत और सरमा के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से एक 'लुकआउट नोटिस' जारी किया गया है, जिसमें उन्हें 6 अक्टूबर तक सीआईडी के सामने पेश होने को कहा गया है।

जुबीन गर्ग की मौत की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) ने सिंगापुर में पूर्वोत्तर भारत महोत्सव के आयोजक श्यामकानु महंत और गायक के प्रबंधक सिद्धार्थ सरमा को 6 अक्टूबर तक जांच में शामिल होने के लिए समन जारी किया था। जुबीन गर्ग पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में भाग लेने के लिए सिंगापुर में थे, और 19 सितंबर को एक नाव की यात्रा पर गए थे। 52 वर्षीय जुबीन तैरने गए थे और पानी में औंधे मुंह पाए गए थे। जुबीन के बैंड के एक साथी शेखर ज्योति गोस्वामी, जो उस समय उनके साथ थे, उनसे भी पूछताछ की गई थी।

कई लोगों से पूछताछ के लिए समन

सूत्रों ने बताया कि एसआईटी ने असम के एक दर्जन अन्य लोगों को भी समन जारी किया है, जो जुबीन गर्ग के साथ नाव पर गए थे। उन्हें भी 6 अक्टूबर तक जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। शुक्रवार को एसआईटी ने लगातार दूसरे दिन महंत के आवास पर छापेमारी की और उनके खिलाफ आपराधिक साजिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जुबीन की मौत की तत्काल गिरफ्तारी और पारदर्शी जांच की मांग को लेकर असम भर में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने भी राज्य के लोगों को आश्वासन दिया है कि किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

सीएम हिमंता ने की श्यामकानु महंत की आलोचना

गुरुवार को सीएम हिमंता सरमा ने कहा था कि श्यामकानु महंत के कार्यक्रम असमिया संस्कृति को नहीं दर्शाते हैं और राज्य सरकार ने उन्हें कोई सहायता न देने का फैसला किया है। उन्होंने कहा, श्यामकानू महंत के कार्यक्रम असमिया संस्कृति से जुड़े नहीं हैं, इसलिए मैं उनमें कभी शामिल नहीं हुआ। मैं एक बार गुवाहाटी के जजेस फील्ड में उनके कार्यक्रम में गया था, लेकिन भीड़ के कारण व्यवधान उत्पन्न होने के कारण मैं तुरंत वहां से चला गया।

उन्होंने आगे कहा, मैं उन्हें या उनके कार्यक्रमों को कभी प्रोत्साहित नहीं करता क्योंकि वे असमिया संस्कृति से जुड़े नहीं हैं। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि उन्हें कोई धनराशि नहीं दी जाएगी।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article