देश

महाराष्ट्र में कांग्रेस को सबसे बड़ी पार्टी बनाने की कवायद शुरू, नेता विपक्ष के पद पर अभी दावा नहीं

  • Authored by: गौरव श्रीवास्तव
  • Updated Jul 11, 2023, 10:40 PM IST

कांग्रेस एक बार फिर महाराष्ट्र में नम्बर वन पार्टी बन सकती है। इसके लिए तय हुआ कि गठबंधन धर्म निभाने के साथ ही राज्य भर में कांग्रेस के नेता बस यात्रा और आंदोलन करेंगे, जिसमें राहुल गांधी, खरगे, प्रियंका जैसे नेता भी शामिल होंगे।

Image

प्रतीकात्मक फोटो

राहुल गांधी और शरद पवार की मुलाकात से लेकर कांग्रेस दफ्तर में महाराष्ट्र के नेताओं की हुई बैठक से जुड़ी हर एक इनसाइड खबर आपको टाइम्स नाउ नवभारत देने जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक एनसीपी में हुई टूट के बावजूद कांग्रेस विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद के लिए दबाव नहीं बनाएगी।

साथ ही महाराष्ट्र में महाविकास अघाड़ी को मजबूत करने के लिए कांग्रेस राज्य में यात्राएं निकालेगी। इन यात्राओं में कांग्रेस अध्यक्ष और राहुल गांधी भी शामिल हो सकते हैं।

बुरे वक्त में शरद पवार का साथ देगी कांग्रेस

एनसीपी में हुई बगावत के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के नेतृत्व में आज दिल्ली में महाराष्ट्र के 30 बड़े नेताओं की बैठक हुई। कांग्रेस के नेता विधायकों की ज्यादा संख्या बल के आधार पर नेता प्रतिपक्ष पद पर दावा ठोंक रहे हैं। लेकिन सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने इस मामले में जल्दबाजी करने से अपने नेताओं को मना कर दिया है।

दो फाड़ में अभी कई तकनीकी पेंच है

कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि एनसीपी में हुई दो फाड़ में अभी कई तकनीकी पेंच है। अजीत पवार गुट के 9 विधायक जो मंत्री बने हैं, उनके खिलाफ एनसीपी ने विधानसभा स्पीकर को पत्र लिखकर पार्टी टूट से इनकार किया है। ऐसे में अगर कांग्रेस विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष के पद पर दावेदारी करती है तो उसके लिए के लिए कांग्रेस को एनसीपी में टूट की बात स्पीकर को कहनी पड़ेगी। इसी बात को ध्यान में रखते हुए में आलाकमान ने महाराष्ट्र नेताओं को नसीहत दी है कि एनसीपी को आंतरिक विवाद निबटाने दिया जाए।

महाराष्ट्र में कांग्रेस को नंबर एक की पार्टी बनाने की कवायद शुरू

कांग्रेस आलाकमान ने 2024 देखते हुए महाराष्ट्र में गठबंधन धर्म निभाने का फैसला तो कर लिया है, लेकिन कभी सोनिया गांधी के विदेशी मूल के मुद्दे पर नए दल के रूप में जन्मी एनसीपी के कमजोर होने से कांग्रेस के पास सुनहरा मौका आया है। इसके अलावा दिल्ली में हुई बैठक में राहुल ने महाराष्ट्र को कांग्रेस का गढ़ बताते हुए नेताओं को गुटबाज़ी छोड़ एकजुट होकर पार्टी मजबूत करने की नसीहत भी दी है।

गौरव श्रीवास्तव
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article