भारत के साथ सीमा पर तनाव के बीच चीन अब भूटान की ओर भी बढ़ रहा है। रिपोर्टों की मानें तो चीन भूटान के अदंर गांव तक बसा चुका है। चीन के साथ तनाव को देखते हुए भारतीय सेना ने भूटान सीमा के पास भी अपनी चौकसी बढ़ा दी है। भूटान सीमा पर आईटीबीपी और एसएसबी मुस्तैद हैं।
अरुणाचल प्रदेश के तवांग सेक्टर में भारतीय सेना और पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (PLA) के सैनिकों के बीच झड़पों के बीच, पता चला है कि चीन भूटान में भी अतिक्रमण करने की कोशिश कर रहा है। टाइम्स नाउ नवभारत की शिवानी शर्मा ने बताया कि भूटान के अलावा चीन एक बार फिर से डोकलाम इलाके में अपने पांव पसारने की कोशिश कर रहा है।
दावा किया जा रहा है कि डोकलाम के टोरसा नाला इलाके चीन ने एक रोप वे का निर्माण कर लिया है। चीन लद्दाख और तवांग में भारत से भिड़ने के बाद अब डोकलाम में अपनी सैन्य गतिविधियों में तेजी लाता हुआ दिख रहा है।
बता दें कि डोकलाम ने 2017 में भारतीय और चीनी सेना के बीच 73 दिनों तक गतिरोध चला था। तब चीनी सैनिकों द्वारा क्षेत्र में यथास्थिति को बदलने का प्रयास किया था। हाल ही में 9 दिसंबर को यांग्त्से में भारतीय और चीनी सैनिक आपस में भिड़ गए थे। सैकड़ों चीनी सैनिकों ने एक साथ भारत के क्षेत्र में घुसपैठ करने की कोशिश की थी। जिसका भारतीय सैनिकों ने मुंह तोड़ जवाब दिया था। जिसके बाद चीनी सैनिक वहां से भाग खड़े हुए थे।
