देश

SCO को लेकर PM मोदी का विजन, बोले- सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर रहेगा जोर

PM Modi News: पीएम मोदी ने कहा कि वह सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित दृष्टिकोण के साथ एससीओ (SCO) में काम करने और क्षेत्र को आतंकवाद मुक्त बनाने के लिए उत्सुक हैं।

Image

उज्बेकिस्तान दौरे पर रवाना हुए पीएम मोदी (फोटो- @narendramodi)

PM Modi News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के लिए भारत के उस दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के लिए उत्सुक हैं, जो सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि वह क्षेत्र को आतंकवाद के अभिशाप से मुक्त बनाने के लिए संगठन के सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करना चाहते हैं। मोदी ने उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की यात्रा पर रवाना होने से पहले कहा कि उन्हें विश्वास है कि उनकी यह यात्रा मध्य एशिया के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करेगी तथा इस क्षेत्र के साथ भारत के सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करेगी। प्रधानमंत्री का दोनों देशों का दौरा 29 अगस्त से शुरु होकर एक सितंबर को समाप्त होगा।

पीएम मोदी का बयान

मोदी ने यात्रा से पहले जारी बयान में कहा कि यह दौरा शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि ये ऐसे मूल्य हैं, जो दुनिया के साथ भारत के संबंधों के केंद्र में रहे हैं। मोदी ने कहा, "भारत 2017 से एससीओ का सक्रिय और रचनात्मक सदस्य रहा है। मैं सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित क्षेत्र के लिए भारत के दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने तथा सदस्य देशों के साथ मिलकर ऐसे क्षेत्र के निर्माण के लिए काम करने को उत्सुक हूं, जो आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद के अभिशाप से मुक्त हो। ये चुनौतियां हमारे पड़ोस के साथ-साथ दुनिया के अन्य हिस्सों में भी शांति और स्थिरता के लिए लगातार खतरा बनी हुई हैं।’’

पीएम मोदी का उज्बेकिस्तान दौरा

प्रधानमंत्री ने कहा कि उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव के निमंत्रण पर वह 29 और 30 अगस्त को ताशकंद जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में भारत-उज्बेकिस्तान रणनीतिक साझेदारी में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। मोदी ने कहा, "मैं राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के साथ व्यापार और निवेश, डिजिटल संपर्क, रक्षा तथा ऊर्जा के क्षेत्र में सहयोग को और मजबूत करने तथा ’विकसित भारत’ और ’नया उज्बेकिस्तान’ के हमारे साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के उपायों पर चर्चा के लिए उत्सुक हूं।"

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह ताशकंद में शास्त्री स्मारक और ’ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ ऑरिएनटल स्टडी’ स्थित महात्मा गांधी केंद्र का भी दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि ये दोनों देशों के बीच कायम घनिष्ठ सांस्कृतिक और लोगों से लोगों के संबंधों के प्रति सम्मान के प्रतीक हैं।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

ताशकंद से प्रधानमंत्री किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर बिश्केक जाएंगे, जहां वह एससीओ के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। यह सम्मेलन इस महत्वपूर्ण संगठन की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर हो रहा है। मोदी ने कहा, "मैं राष्ट्रपति जापारोव और एससीओ के अन्य नेताओं से मिलने तथा छठे ’वर्ल्ड नोमैड गेम्स’ के उद्घाटन समारोह में शामिल होने के लिए भी उत्सुक हूं। यह समारोह मध्य एशिया की समृद्ध जीवंत विरासत का उत्सव है, जिसका भारत बेहद सम्मान करता है।"

अधिकारियों ने बताया कि मोदी एससीओ शिखर सम्मेलन को संबोधित करेंगे और इसमें सुरक्षा, संपर्क तथा अवसर से जुड़ी भारत की प्राथमिकताओं को रेखांकित करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री शिखर सम्मेलन से इतर एससीओ के सदस्य देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

आज की ताजा खबर, 10 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में 76.41 फीसदी मतदान, आकाश आनंद के खातिर BSP से बाहर हुए ससुर सिद्धार्थ...नोएडा एयरपोर्ट पर पहली विदेशी लैंडिंग, 3 रूसी सैन्य विमान आए

आज की ताजा खबर, 10 सितंबर 2026 हिंदी न्यूज़ लाइव: राजस्थान निकाय चुनाव के पहले चरण में 76.41 फीसदी मतदान, आकाश आनंद के खातिर BSP से बाहर हुए ससुर सिद्धार्थ...नोएडा एयरपोर्ट पर पहली विदेशी लैंडिंग, 3 रूसी सैन्य विमान आए

Times Now Exclusive: BRICS समिट के लिए शी जिनपिंग की भारत यात्रा पर आज होगा बड़ा ऐलान, 7 वर्षों में होगा भारत का अहम दौरा

Times Now Exclusive: BRICS समिट के लिए शी जिनपिंग की भारत यात्रा पर आज होगा बड़ा ऐलान, 7 वर्षों में होगा भारत का अहम दौरा

'बहन जी, आपकी एक-एक नसीहत मेरे लिए अंतिम शब्द', आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से लिया संन्यास

'बहन जी, आपकी एक-एक नसीहत मेरे लिए अंतिम शब्द', आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से लिया संन्यास

दिल्ली में मिलेंगे पीएम मोदी और पुतिन, S-400 की डिलीवरी, ब्रह्मोस-NG के अपग्रेड और Su-57 पर होगी अहम चर्चा

दिल्ली में मिलेंगे पीएम मोदी और पुतिन, S-400 की डिलीवरी, ब्रह्मोस-NG के अपग्रेड और Su-57 पर होगी अहम चर्चा

'ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट, अधिकारियों को निलंबित करने का रिकॉर्ड बनाना चाहता हूं', परियोजनाओं में देरी पर भड़के गडकरी

'ठेकेदारों को ब्लैकलिस्ट, अधिकारियों को निलंबित करने का रिकॉर्ड बनाना चाहता हूं', परियोजनाओं में देरी पर भड़के गडकरी