देश

केरल में कब हो सकते हैं चुनाव? निर्वाचन आयोग चुनावी तैयारियों का लेंगे जायजा; इन राज्यों का हो चुका है दौरा

Kerala Assembly Elections: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग (Election Commission) केरल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के मकसद से इस सप्ताह राज्य का दौरा करेगा।

Image

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार (फोटो साभार: @ECISVEEP)

Photo : Twitter

Kerala Assembly Elections: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में निर्वाचन आयोग (Election Commission) केरल में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के मकसद से इस सप्ताह राज्य का दौरा करेगा। बता दें कि केरल में विधानसभा चुनाव अगले महीने होने की उम्मीद है।

कहां-कहां होने वाले हैं चुनाव?

अधिकारियों ने रविवार को बताया कि आयोग के दल के पांच मार्च की रात को केरल पहुंचने की संभावना है और वह छह तथा सात मार्च को अपना आधिकारिक दौरा शुरू करेगा। केरल के अलावा, असम, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल में भी विधानसभा चुनाव होने हैं। ईसी चुनाव की तैयारियों का आकलन करने के लिए असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी का दौरा कर चुका है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार ने गुवाहाटी में पत्रकारों को बताया कि निर्वाचन आयोग पूर्वोत्तर राज्य के लिए चुनाव कार्यक्रम को अंतिम रूप देते समय बिहू त्योहार को ध्यान में रखेगा, जो 14 अप्रैल को है। किसी राज्य में चुनाव होने से पहले इसके कार्यक्रम की घोषणा करने के मकसद से निर्वाचन आयोग का दल सामान्य रूप से वहां का दौरा करता है।

इन पांचों राज्यों में विधानसभा का कार्यकाल मई और जून में अलग-अलग तिथियों पर समाप्त होता है। जहां पुडुचेरी में विधानसभा का पांच वर्षीय कार्यकाल 15 जून को समाप्त हो रहा है, वहीं असम, केरल, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा का कार्यकाल क्रमशः 20, 23, 10 और सात मई को समाप्त हो रहा है।

अंतिम मतदाता सूची हो चुकी है प्रकाशित

पिछली बार पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव आठ चरणों में हुए थे, जो अब तक की सबसे अधिक संख्या है। असम में दो चरणों में चुनाव हुए, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में एक ही चरण में चुनाव हुए थे। मतदान वाले सभी राज्यों ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद अपनी अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article