देश

खरगे ने EC को बताया प्रधानमंत्री के हाथों की कठपुतली, बोले- एक हॉस्टल में कैसे हो सकते हैं 9,000 मतदाता

Vote Theft Row: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर के विषय को लेकर शनिवार को निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह संवैधानिक संस्था प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों की कठपुतली है। खरगे ने दावा किया, ‘‘महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में मतदाता सूचियों में नाम जोड़े गए। महाराष्ट्र के एक हॉस्टल में 9 हजार मतदाता कैसे हो सकते हैं?’’

Image

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे (फाइल फोटो)

Vote Theft Row: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने महाराष्ट्र में मतदाता सूचियों में कथित हेरफेर के विषय को लेकर शनिवार को निर्वाचन आयोग पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि यह संवैधानिक संस्था प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के हाथों की कठपुतली है। उन्होंने कांग्रेस के विधि, मानवाधिकार और आरटीआई विभाग द्वारा आयोजित वार्षिक विधिक सम्मेलन में यह दावा भी किया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ देश का संविधान बदलना चाहते हैं, लेकिन जनता ऐसा नहीं होने देगी।

खरगे ने क्या कुछ कहा?

खरगे ने दावा किया कि महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में मतदाता सूचियों में नाम जोड़े गए। महाराष्ट्र के एक हॉस्टल में 9 हजार मतदाता कैसे हो सकते हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग नरेन्द्र मोदी की कठपुतली है। राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ‘‘भारत का संविधान सिर्फ एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक भारतीय को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और भाईचारे का अधिकार देता है। लेकिन आज संविधान खतरे में है।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘सत्ता में बैठे नेता संविधान बदलने की बात कर रहे हैं। भाजपा-आएसएस के बड़े-बड़े नेताओं का इरादा है कि संविधान की प्रस्तावना से समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता शब्द को हटा दिया जाए। भाजपा को 2024 के चुनाव में 400 सीट मिल जाती, तो वो संविधान को बदल देते। लेकिन ये देश की जनता की ताकत है, उन्होंने 400 पार कहने वालों के मुंह पर तमाचा मारा।’’

BJP-RSS पर बरसे खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि इस उपलब्धि का श्रेय राहुल गांधी जी को जाता है, क्योंकि उन्होंने संविधान को बचाने की मुहिम चलाई। खरगे ने कहा कि भाजपा-आरएसएस के लोग समाजवाद और धर्मनिरपेक्षता शब्द संविधान से निकाल ही नहीं सकते हैं, क्योंकि उनके पास वो ताकत नहीं है, जो इस देश की जनता के पास है। खरगे ने दावा कि वर्तमान मानसून सत्र में प्रधानमंत्री मोदी संसद में आने के बाद अपने कार्यालय में बैठे रहते हैं, लेकिन सदन में नहीं आते।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वह कार्यालय में बैठकर टीवी पर संसद की कार्यवाही देखते हैं। अगर कार्यवाही ही देखनी है तो सदन में आइए, आमने-सामने से देखिए। मुझे तो समझ नहीं आता है, उन्हें किस बात का डर है। खरगे ने दावा किया, ‘‘भाजपा शासित राज्यों में अल्पसंख्यकों और दलितों के साथ भेदभाव आम हो गया है। देश का प्रधानमंत्री होते हुए नरेन्द्र मोदी समाज को बांटने की बात करते हैं। उन्हें देश की जनता ने संविधान को बचाने के लिए चुना, लेकिन वह संविधान को कुचलने का काम कर रहे हैं।’’

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article