देश

'समय पूर्व चेतावनी दी गई थी, जिंदगियां बचाई जा सकती थीं लेकिन यह समय केरल के साथ खड़े होने का है', वायनाड भूस्खलन पर बोले शाह

Waynad Landslides : गृह मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद दुनिया के सबसे बेहतरीन अर्ली वार्निंग सिस्टम भारत में लगाए गए हैं। बहुत कम देश हैं जो आपदा का आकंलन एवं पूर्वानुमान सात दिन पहले करते हैं। ऐसा करने वाले गिनती चार-पांच देशों में भारत शामिल है।

KEY HIGHLIGHTS
  • केरल में मंगलवार को आए भूस्खलन में सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है
  • मलबे में अभी बड़ी संख्या में लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है
  • राहत एवं बचाव कार्य में सेना एवं एनडीआरएफ की कई टीमें लगी हुई हैं

Waynad Landslides : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि संभावित भूस्खलन वाले केंद्र की चेतावनी पर यदि केरल सरकार ने सतर्कता बरती होती और भूस्खलन वाले इलाकों से लोगों को पहले सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया होता तो वायनाड और अन्य जगहों पर जान-माल की क्षति कम की जा सकती थी। हालांकि, उन्होंने कहा कि यह समय केरल के साथ खड़े होने का है। गृह मंत्री ने कहा कि 2014 के बाद दुनिया के सबसे बेहतरीन अर्ली वार्निंग सिस्टम भारत में लगाए गए हैं। बहुत कम देश हैं जो आपदा का आकंलन एवं पूर्वानुमान सात दिन पहले करते हैं। ऐसा करने वाले गिनती चार-पांच देशों में भारत शामिल है।

समय लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़े रहने का है-शाह

उन्होंने प्राकृतिक आपदा पर सदन में लाए गए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव पर हुई चर्चा का जवाब देते हुए कहा कि भले ही भारत सरकार हो या कोई राजनीतिक दल, (सभी के लिए) आपदा का यह वक्त वायनाड के लोगों के साथ चट्टान की तरह खड़े रहने का है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस दुखद आपदा में जिन लोगों ने अपने स्वजन गंवाए या जो घायल हुए हैं, उनके प्रति गहरी संवेदनाएं हैं।

प्रणाली पर कुल 2300 करोड़ रुपये खर्च किए गए

उन्होंने कहा कि भारत के पास दुनिया की सबसे आधुनिक ‘समय-पूर्व चेतावनी चेतावनी प्रणाली’मौजूद है और 2014 के बाद भारत उन तीन-चार देशों में से एक है, जो आपदा से सात दिन पहले ही पूर्वानुमान साझा करते हैं एवं इस प्रणाली पर कुल 2300 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। शाह ने कहा कि वर्ष 2014 के पहले आपदा के समय सिर्फ बचाव और पुनर्वास होता था, लेकिन मोदी सरकार के समय में इस तरह से बचाव कार्य करने पर ध्यान दिया गया है कि किसी की जान न जाए और नुकसान कम से कम हो।

मुसीबत में लोगों को अकेले नहीं छोड़ेंगे-गृह मंत्री

उन्होंने कहा कि संबंधित तकनीक को विकसित करना और उसमें सुधार लाना केंद्र सरकार का काम है, लेकिन सहकारी संघवाद के तहत लोगों को हटाने का काम तो राज्य सरकार का है। मंत्री ने कहा कि सरकार केरल की जनता को आश्वस्त करना चाहती है कि वह उन्हें (जनता को) किसी मुसीबत में अकेला नहीं छोड़ेगी।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article