NEET Paper Leak: कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक मामले पर आखिरकार अपनी बात रखने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का धन्यवाद किया। शिवकुमार ने साथ ही इस मुद्दे पर इतने लंबे समय तक कथित रूप से चुप रहने को लेकर मोदी पर निशाना भी साधा।
मुख्यमंत्री ने मोदी के उस बयान पर प्रतिक्रिया दी जिसमें प्रधानमंत्री ने गुरुवार को कहा था कि प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ सख्त प्रावधानों वाला एक विधेयक अगले सप्ताह संसद में पेश किया जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी ने एक वीडियो संदेश में यह भी कहा था कि इस विधेयक के प्रावधानों पर शुक्रवार को होने वाली केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में चर्चा की जाएगी, जहां प्रस्तावित कानून को अंतिम रूप दिया जाएगा।
क्या कुछ बोले पीएम मोदी?
शिवकुमार ने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, "मैं बहुत खुश हूं कि कम से कम उन्होंने (प्रधानमंत्री ने) अब अपनी बात रखी है। करीब पंद्रह दिन या एक महीने बाद उन्होंने इस मुद्दे पर बात की है। यह महत्वपूर्ण है। हम सभी अपने बच्चों और युवाओं के भविष्य के लिए काम करते हैं। कम से कम अब उन्होंने पूरे देश के सामने अपनी बात रखी है।" उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री का धन्यवाद।"
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस एक्शन के खिलाफ याचिका पर सुनवाई को SC तैयार, याचिकाकर्ता बोले- सिचुएशन सीरियस और अर्जेंट
PM पर बरसे राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को छात्रों की समझदारी का अपमान नहीं करना चाहिए।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''मान्यवर मोदीजी, हमारे छात्र (शिक्षा मंत्री) धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। आधी रात को जारी इस बेकार वीडियो से उनकी समझदारी का अपमान न करें। तीन कार्य करें, पहला प्रधान को हटाएं, दूसरा छात्रों की पिटाई करने वालों को सजा दें और तीसरा माफ़ी मांगें।''
