देश

IndiGo: इंडिगो की बड़े पैमाने पर उड़ानें रद्द होने पर DGCA सख्त, कहा- जल्द से जल्द सामान्य संचालन बहाल करें

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो में परिचालन व्यवधान लगातार तीसरे दिन गुरुवार को भी जारी रहा। कंपनी ने अब तक 550 से अधिक घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को रद्द किया है। जबकि कई उड़ानें देर से रवाना हुईं। इस वजह से हजारों यात्रियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। इस बीच, नागर विमानन मंत्रालय ने कंपनी को जल्द से जल्द हालात सामान्य करने के निर्देश दिए हैं।

Image

इंडिगो एयरलाइन (फाइल फोटो)

Photo : iStock

देश की सबसे बड़ी विमानन कंपनी इंडिगो इन दिनों बेहद बुरे दौर का सामना कर रही है। बीते एक सप्ताह में करीब 550 से ज्यादा घरेलू और इंटरनेशनल उड़ाने रद्द कर दी गईं हैं, जिसकी वजह से हवाई यात्रियों को परेशानियों को झेलना पड़ रहा है। इस बीच, विमानन कंपनी द्वारा व्यापक पैमाने पर उड़ान कैंसिल करने और देरी की स्थिति पर विमानन नियामक डीजीसीए और नागर विमानन मंत्रालय दोनों ने कड़ा रुख अपनाया है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने सोमवार को एयरलाइन के शीर्ष नेतृत्व के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की। इस दौरान कंपनी को हालात को सामान्य करने के संदर्भ में निर्देश दिए गए।

नागर विमानन मंत्री के. राममोहन नायडू ने ने साथ ही स्पष्ट तौर पर कहा कि मौजूदा स्थिति का हवाला देकर हवाई किराये में किसी भी तरह की बढ़ोतरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को निर्देश दिया कि सभी हवाईअड्डा निदेशक यात्रियों की लगातार निगरानी और सहायता सुनिश्चित करें।

170 से 200 उड़ानें रोज रद्द कर रही इंडिगो

बैठक के दौरान एयरलाइन ने बताया कि वह रोजाना लगभग 170 से 200 उड़ानों को रद्द कर रही है, जो सामान्य से कहीं अधिक है। इंडिगो ने इसका प्रमुख कारण बताया है। साथ ही इंडिगो ने डीजीसीए को बताया कि हालात को सुधाराने की कार्रवाई जारी है। 10 फरवरी 2026 तक पूरी तरह से स्थिर उड़ान संचालन बहाल हो जाएगा। साथ ही उड़ान संचालन में स्थिरता लाने के प्रयासों के तहत अगले दो-तीन दिन तक उड़ानों का रद्द होना जारी रहेगा। विमान कंपनी ने डीजीसीए को सूचित किया है कि इंडिगो व्यवधानों को दूर करने के लिए आठ दिसंबर से उड़ानों का संचालन कम करेगी।

साथ ही बैठक में इंडिगो ने उड़ानें रद्द किए जाने से संबंधित आंकड़े पेश किए और व्यवधान की वजहों के रूप में चालक दल की तैनाती से जुड़ी चुनौतियां, संशोधित उड़ान ड्यूटी समयसीमा (एफडीटीएल) नियमों के क्रियान्वयन से जुड़े बदलाव और मौसम संबंधी बाधाओं का हवाला दिया।

नागर विमानन मंत्री ने दिए ये निर्देश

नागर विमानन मंत्री ने स्थिति संभालने के लिए अपनाए गए तौर-तरीकों पर अपना असंतोष जताते हुए कहा कि नए नियामकीय प्रावधानों के अनुरूप खुद को तैयार करने के लिए विमान कंपनी के पास पर्याप्त समय था। नायडू ने इंडिगो को निर्देश दिया कि उड़ानों के रद्द होने संबंधी सभी जानकारी यात्रियों को समय पर उपलब्ध कराई जाए और जरूरी होने पर यात्रियों को होटल सुविधा सहित सभी जरूरी इंतजाम मुहैया कराए जाएं।

नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) को इंडिगो के परिचालन की वास्तविक समय में सख्त निगरानी करने, प्रमुख हवाई अड्डों पर मैदानी निरीक्षण बढ़ाने और देरी या उड़ाने रद्द करने की स्थिति में यात्री प्रबंधन एवं संचार व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए अधिकारियों को इंडिगो के परिचालन नियंत्रण केंद्रों में तैनात किया गया है।

नायडू ने भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी समीक्षा बैठक की और निर्देश दिया कि सभी हवाई अड्डा निदेशक जमीनी स्थिति पर निरंतर नजर रखें तथा समन्वय सुनिश्चित करें।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article