देश

DGCA ने की एयर इंडिया ऑपरेशन की समीक्षा कहा-Boeing 787 की निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता नहीं मिली

13 जून को B787-8 दुर्घटना के एक दिन बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया था, जिसमें 26 बोइंग 787-8 और सात बोइंग 787-9 शामिल थे।

Image

अहमदाबाद क्रैश के बाद बोइंग विमानों की जांच

Photo : PTI

DGCA Reviews Air India Operations: विमानन क्षेत्र के नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने मंगलवार को कहा कि एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। पिछले सप्ताह अहमदाबाद में बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर के दुर्घटनाग्रस्त होने से सुरक्षा संबंधी चिंताएं पैदा हो गई थीं और डीजीसीए ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया था।

निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई

डीजीसीए ने एक बयान में कहा, एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की हाल में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और उससे संबंधित रखरखाव प्रणाली मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गई। डीजीसीए ने बयान में कहा कि एयर इंडिया ने 12 जून से 17 जून के बीच बोइंग 787 से संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द की हैं। एयर इंडिया के बोइंग 787-8/9 बेड़े में 33 विमान हैं।

एयर इंडिया के बी 787-8/9 बेड़े के सुरक्षा निरीक्षण पर डीजीसीए ने कहा कि 17 जून को दोपहर 3 बजे तक कुल 24 विमानों ने आवश्यक जांच सफलतापूर्वक पूरी कर ली। आज दो अतिरिक्त विमानों की जांच की योजना बनाई गई है, जबकि एक और विमान की जांच बुधवार को होगी। बाकी छह विमानों में दो विमान (VT-ANG और VT-ANT) शामिल हैं, जो वर्तमान में दिल्ली में खड़े हैं।

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने दिया था निगरानी का आदेश

DGCA ने कहा कि 33 विमानों में से चार फिलहाल विभिन्न MRO सुविधाओं में प्रमुख जांच से गुजर रहे हैं और संबंधित रखरखाव हैंगर से निकलने से पहले जरूरी जांच से गुजरेंगे। 13 जून को B787-8 दुर्घटना के एक दिन बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े की निगरानी बढ़ाने का आदेश दिया था, जिसमें 26 बोइंग 787-8 और सात बोइंग 787-9 शामिल थे।

डीजीसीए ने एक बयान में कहा, एयर इंडिया के बोइंग 787 बेड़े पर हाल ही में की गई निगरानी में कोई बड़ी सुरक्षा चिंता सामने नहीं आई। विमान और संबंधित रखरखाव प्रणालियां मौजूदा सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाई गईं। 12 जून से 17 जून तक B787 विमानों के साथ संचालित होने वाली 66 उड़ानें रद्द कर दी गईं। इस अवधि के दौरान, एयरलाइन ने B787 के साथ 248 उड़ानें संचालित कीं।

रखरखाव से संबंधित दिक्कतों को दूर करने के लिए, डीजीसीए ने टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयरलाइनों को कुछ निर्देश जारी किए हैं। बयान में कहा गया है कि एयरलाइन को इंजीनियरिंग, संचालन, ग्राउंड हैंडलिंग यूनिट में आंतरिक समन्वय को मजबूत करने और ऐसे मुद्दों के परिणामस्वरूप यात्रियों की देरी को कम करने के लिए पर्याप्त स्पेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने और नियमों का सख्ती से पालन करने की सलाह दी गई है। एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस प्रतिदिन 1,000 से अधिक उड़ानें संचालित करते हैं।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article