Times Now Navbharat
live-tv
Premium

दाऊद गिलानी कैसे बना डेविड कोलमैन हेडली? एक अमेरिकी मुखबिर जो बन गया लश्कर आतंकी, रची 26/11 हमले की खौफनाक साजिश

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकी हमले की सटीकता के पीछे डेविड कोलमैन हेडली का वह मिशन था, जिसे उसने करीब दो साल तक मुंबई में रहकर अंजाम दिया। वह किसी आम पर्यटक या कारोबारी की तरह शहर में घूमता रहा, लेकिन असल में वह लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए एक पेशेवर जासूस की तरह हर उस जगह का नक्शा, वीडियो और जीपीएस लोकेशन जुटा रहा था, जहां बाद में खून-खराबा हुआ।

Image
मुखबिर से आतंकी बने डेविड कोलमैन हेडली की कहानी
Authored by: अमित कुमार मंडल
Updated Nov 26, 2026, 14:27 IST
Follow on Google News

26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए भीषण आतंकी हमले को अंजाम देने वाले 10 पाकिस्तानी आतंकी तो दुनिया के सामने आए, लेकिन इस पूरे हमले की जमीन तैयार करने वाला सबसे अहम चेहरा परदे के पीछे छिपा था। वह चेहरा था डेविड कोलमैन हेडली। अमेरिकी नागरिकता और पश्चिमी रहन-सहन की आड़ में उसने न सिर्फ मुंबई की चप्पे-चप्पे की रेकी की, बल्कि लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए एक 'मास्टर स्काउट' की भूमिका निभाई। डेविड कोलमैन अपने आप में एक रहस्यमयी किरदार था। वह न सिर्फ अमेरिका के लिए काम कर रहा था बल्कि पाकिस्तानी आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा से भी जुड़ा हुआ था। उसका रंग-रूप भी उसे एक अलग ही पहचान देता था। आधुनिक और पश्चिमी रंग में रंगा डेविड दरअसल अंदर से एक कट्टरपंथी मुस्लिम था और भारत को गहरी चोट देना चाहता था। आखिर कौन था डेविड कोलमैन हेडली, क्या था उसका असली नाम और कैसे भारत के खिलाफ साजिश रचने में उसने अहम भूमिका निभाई, विस्तार से इस एक्सप्लेनर में जानते हैं।

डेविड कोलमैन हेडली - दो अलग दुनियाओं का संगम

  • डेविड कोलमैन हेडली का जन्म 30 जून 1960 को अमेरिका के वाशिंगटन डी.सी. में हुआ था। उसका असली नाम दाऊद सईद गिलानी था। उसके पिता सईद सलीम गिलानी एक पाकिस्तानी राजनयिक और ब्रॉडकास्टर थे, जो वाशिंगटन में पाकिस्तानी दूतावास में तैनात थे। बाद में पाकिस्तान लौटकर वे रेडियो पाकिस्तान के महानिदेशक भी बने।
  • उसकी मां एलिस सेरिल हेडली एक अमेरिकी सोशलाइट थीं, जो पेंसिल्वेनिया के एक संपन्न परिवार से ताल्लुक रखती थीं और दूतावास में सचिव के रूप में काम करती थीं। माता-पिता के अलग होने के बाद बचपन में ही दाऊद अपने पिता के साथ पाकिस्तान चला गया।
  • उसने लाहौर और रावलपिंडी के प्रतिष्ठित कैडेट कॉलेज हसन अब्दाल में पढ़ाई की, वही संस्थान जहां से पाकिस्तान की सेना और प्रशासन के कई बड़े अधिकारी निकले हैं।
  • यहीं उसकी दोस्ती तहव्वुर हुसैन राणा से हुई, जो आगे चलकर मुंबई हमले की साजिश में उसका सबसे बड़ा मददगार बना। किशोरावस्था में वह वापस अमेरिका चला गया, जहां उसकी मां फिलाडेल्फिया में एक पब चलाती थीं।

ड्रग तस्करी से लेकर DEA का मुखबिर बनने तक का सफर

अमेरिका लौटने के बाद हेडली अपराध की दुनिया में उतर गया। 1980 और 1990 के दशक में वह पाकिस्तान से अमेरिका में हेरोइन की तस्करी करने लगा। 1988 में फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर ड्रग्स के साथ पकड़े जाने के बाद उसे अमेरिका में सजा हुई। लेकिन उसने अमेरिकी जांच एजेंसियों के साथ सहयोग करने का सौदा कर अपनी सजा कम करा ली। 1997 में वह एक बार फिर पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी के मामले में न्यूयॉर्क में गिरफ्तार हुआ। इस बार उसने अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) के लिए मुखबिर के रूप में काम करना स्वीकार किया। इसी हैसियत से वह बार-बार पाकिस्तान जाता रहा और दोनों तरफ के नेटवर्क से जुड़ा रहा।

पाकिस्तान और आतंकी संगठनों से जुड़ाव

9/11 के हमलों के बाद हेडली का झुकाव कट्टरपंथ की ओर तेजी से बढ़ा। वह पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के संपर्क में आया और उसने आतंकी प्रशिक्षण शिविरों में हिस्सा लिया। लश्कर के संस्थापक हाफिज सईद और कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी के करीब पहुंचने के साथ ही वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के अधिकारियों जैसे मेजर इकबाल के निर्देश पर भी काम करने लगा। लश्कर और ISI को एक ऐसे शख्स की तलाश थी जो पश्चिमी देशों जैसा दिखता हो, धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलता हो और अमेरिकी पासपोर्ट रखता हो, ताकि भारतीय सुरक्षा एजेंसियों को उस पर कोई शक न हो।

नाम बदला और रची मुंबई हमले की साजिश

2006 में दाऊद सईद गिलानी ने कानूनी रूप से अपना नाम बदलकर अपनी मां के उपनाम पर डेविड कोलमैन हेडली रख लिया। नया नाम और नया अमेरिकी पासपोर्ट मिलने के बाद उसका पाकिस्तानी मूल पूरी तरह छिप गया। इसके बाद उसने अपने बचपन के दोस्त तहव्वुर राणा (जो शिकागो में इमिग्रेशन कंसल्टेंसी चलाता था) की मदद से मुंबई में "फर्स्ट वर्ल्ड इमिग्रेशन सर्विसेज" नाम से एक फर्जी दफ्तर खोला। ये ब्रांच मुंबई के ताड़देव इलाके के एसी मार्केट में खोली गई। इसी दफ्तर के नाम पर हेडली ने भारत का मल्टीपल-एंट्री बिजनेस वीजा हासिल किया। हालांकि इस दफ्तर से वीजा या इमिग्रेशन का कोई खास काम नहीं हुआ, लेकिन यह हेडली के लिए मुंबई में रहने, बैंक खाते खोलने और बिना किसी शक के घूमने का सबसे सुरक्षित ठिकाना बन गया।

भारत में हेडली ने क्या किया?

सितंबर 2006 से जुलाई 2008 के बीच हेडली ने कम से कम पांच बार भारत की यात्रा की। इस दौरान उसने बेहद पेशेवर जासूस की तरह काम किया। उसने ताज महल पैलेस होटल, ओबेरॉय ट्राइडेंट, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT), लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस (चबाड हाउस) की बारीकी से रेकी की। वह ताज होटल में रुका और अंदर के रास्तों, सुरक्षा व्यवस्था व कमरों के वीडियो बनाए। उसने मुंबई के तट पर बोट टूर किए और GPS डिवाइस की मदद से यह तय किया कि कराची से समुद्र के रास्ते आने वाले आतंकी किस सुरक्षित पॉइंट कफ परेड के पास बधवार पार्क पर उतरेंगे।

लश्कर-ए-तैयबा और ISI के हैंडलर मेजर इकबाल ने उसे एक हाई-टेक वीडियो कैमरा और जीपीएस (GPS) डिवाइस दिया था। हेडली अपनी पत्नी फैजा आउटाल्हा के साथ ताज होटल में ठहरा। उसने होटल के मुख्य द्वार, लॉबी, सीढ़ियों, लिफ्ट, कॉरिडोर, रसोई, स्विमिंग पूल और यहां तक कि गुंबद वाले हिस्से की बारीकी से वीडियोग्राफी की। उसने यह भी नोट किया कि होटल के किस हिस्से में सुरक्षा जांच कमजोर है और कहां से हमलावर ज्यादा से ज्यादा लोगों को बंधक बना सकते हैं। ओबेरॉय ट्राइडेंट होटल के प्रवेश और निकास द्वारों के साथ-साथ अंदरूनी बनावट के वीडियो बनाए, ताकि आतंकियों को अंदर रास्ता भटकना न पड़े। इसी तरह देश के सबसे व्यस्त रेलवे स्टेशनों में से एक छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) पर हेडली ने पीक आवर्स का अध्ययन किया। उसने प्लेटफॉर्म, टिकट काउंटर और बाहर निकलने के रास्तों की रिकॉर्डिंग की, ताकि आतंकियों को पता रहे कि सबसे ज्यादा भीड़ किस वक्त और किस हिस्से में होती है। इसके अलावा कोलाबा स्थित लियोपोल्ड कैफे में विदेशी पर्यटकों की आवाजाही को देखते हुए उसने वहां बैठकर रेकी की। उसने कोलाबा की तंग गलियों में स्थित यहूदी केंद्र 'नरीमन हाउस' तक पहुंचने के रास्तों और आसपास की इमारतों का भी वीडियो बनाया, क्योंकि बिना नक्शे के वहां पहुंचना आसान नहीं था।

मुंबई में हाई-प्रोफाइल संपर्क बनाए, राहुल भट्ट से दोस्ती

उसने मुंबई के उच्च वर्ग और बॉलीवुड से जुड़े कुछ लोगों जैसे राहुल भट्ट से जान-पहचान बढ़ाई ताकि किसी को उसके इरादों पर शक न हो और वह शहर में आसानी से घुल-मिल सके। मुंबई के अलावा उसने दिल्ली नेशनल डिफेंस कॉलेज, पुणे ओशो आश्रम और जर्मन बेकरी, गोवा और पुष्कर जैसे स्थानों की भी रेकी की थी। हेडली ने सारे वीडियो, तस्वीरें और जीपीएस कोऑर्डिनेट्स पाकिस्तान जाकर लश्कर के हैंडलर्स और ISI अधिकारियों को सौंपे, जिनके आधार पर 10 आतंकियों को ट्रेनिंग दी गई।

सिद्धिविनायक मंदिर और शिवसेना भवन की रेकी

हेडली ने अपने गले में पवित्र धागा यानि कलावा भी बांधना शुरू कर दिया था ताकि वह हिंदू या सामान्य पश्चिमी पर्यटक लगे। इसी भेष में उसने प्रभादेवी स्थित सिद्धिविनायक मंदिर और दादर स्थित शिवसेना भवन की भी रेकी की थी। उसने मंदिर के बाहर से लाल-पीले धागे खरीदे थे, जिन्हें बाद में 26/11 के आतंकियों की कलाइयों पर बांधा गया था ताकि वे भारतीय लगें। हर भारत यात्रा के बाद हेडली पाकिस्तान जाता था और लश्कर के कमांडर जकी-उर-रहमान लखवी और ISI अधिकारी मेजर इकबाल को सारे वीडियो सौंपता था। इन्हीं वीडियो को दिखाकर 10 आतंकियों को वर्चुअल ट्रेनिंग दी गई थी।

26/11 हमले के बाद भी शांत नहीं बैठा

26/11 हमले के बाद भी हेडली शांत नहीं बैठा। हैरानी की बात यह है कि 26/11 हमले के करीब चार महीने बाद, मार्च 2009 में हेडली एक बार फिर भारत आया था। इस बार उसका मकसद दिल्ली के नेशनल डिफेंस कॉलेज और देश के कई शहरों में स्थित चबाड हाउस (पुणे, गोवा, पुष्कर) की रेकी करना था। इसके अलावा वह डेनमार्क के एक अखबार Jyllands-Posten पर हमले की साजिश भी रच रहा था। अक्टूबर 2009 में अमेरिकी जांच एजेंसी FBI ने उसे शिकागो के ओ'हेयर एयरपोर्ट से उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह पाकिस्तान जाने की फिराक में था। अमेरिकी अदालत में हेडली ने मुंबई हमले और डेनमार्क साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली। 2013 में अमेरिकी अदालत ने उसे 35 साल की जेल की सजा सुनाई। भारत को प्रत्यर्पण से बचने के लिए उसने अमेरिकी एजेंसियों के साथ 'प्ली बार्गेन' यानि समझौता किया था। 2016 में हेडली ने अमेरिका की जेल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए मुंबई की विशेष अदालत में सरकारी गवाह बनकर गवाही दी थी, जिसमें उसने लश्कर-ए-तैयबा और पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की भूमिका का पूरा कच्चा चिट्ठा खोला था।

दो अलग-अलग रंगों की आंखें बनी पहचान

डेविड कोलमैन हेडली की सबसे चर्चित और खास शारीरिक पहचान उसकी दो अलग-अलग रंगों की आंखें थीं। उसकी एक आंख भूरे रंग की थी और दूसरी आंख नीले-हरे रंग की। जांच एजेंसियों की डोजियर और मीडिया रिपोर्ट्स में भी इसे उसकी सबसे बड़ी पहचान के रूप में दर्ज किया गया था। चिकित्सा विज्ञान की भाषा में इस स्थिति को हेटरोक्रोमिया इरिडियम (Heterochromia Iridum) कहा जाता है। यह एक दुर्लभ आनुवंशिक या जन्मजात स्थिति है, जिसमें आंख की पुतली में मेलानिन पिगमेंट की मात्रा दोनों आंखों में अलग-अलग होती है। जिस आंख में मेलानिन अधिक होता है, वह गहरे रंग जैसे भूरे रंग की दिखती है, और जिस आंख में मेलानिन कम होता है, वह हल्के रंग जैसे नीले या हरे रंग की दिखाई देती है। हेडली के मामले में यह जन्मजात था, उसे एक आंख का रंग अपने पाकिस्तानी पिता से और दूसरी आंख का रंग अपनी अमेरिकी मां से विरासत में मिला था।

End of Article