ED Summon to Arvind Kejriwal: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दिल्ली आबकारी नीति मामले से जुड़े धन शोधन मामले में पूछताछ के लिए मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को चौथी बार समन जारी किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल (55) को 18 जनवरी को एजेंसी के सामने पेश होने के लिए कहा गया है।
अरविंद केजरीवाल को चौथा समन
केजरीवाल तीन जनवरी को तीसरी बार ईडी के सामने पेश नहीं हुए थे। जिसके बाद ईडी ने दिल्ली के मुख्यमंत्री को चौथा समन जारी किया। इससे पहले मुख्यमंत्री को समन जारी कर पिछले वर्ष दो नवंबर, 21 दिसंबर और इस साल तीन जनवरी को भी पेश होने के लिए कहा गया था।
मनी लॉन्ड्रिंग मामले में होगी पूछताछ
शराब नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी सीएम केजरीवाल से पूछताछ करना चाहती है। आप के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को ईडी की ओर से यह चौथा नोटिस है। इससे पहले केजरीवाल ने ईडी के पहले के समन को ‘अवैध’और ‘राजनीति से प्रेरित’ बताया था।
अरविंद केजरीवाल पर क्या है आरोप
आरोप है कि शराब व्यापारियों को लाइसेंस देने संबंधी दिल्ली सरकार की 2021-22 की आबकारी नीति में घोर खामियां थीं और इसके जरिए जरिए कुछ डीलर का पक्ष लिया गया जिन्होंने कथित तौर पर इसके लिए रिश्वत दी थी। आप ने इन आरोपों का बार-बार खंडन किया है। बाद में इस नीति को रद्द कर दिया गया और दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) जांच की सिफारिश की जिसके बाद ईडी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत मामला दर्ज किया।
केजरीवाल ने अपनी ईमानदारी बतया पूंजी
केजरीवाल ने बीते 4 जनवकी को कहा था कि 'सच्चाई यह है कि कोई भ्रष्टाचार नहीं हुआ। भाजपा मुझे गिरफ्तार कराना चाहती है। मेरी सबसे बड़ी पूंजी मेरी ईमानदारी है और वे इस पर धब्बा लगाना चाहते हैं। उन्होंने कहा था कि 'मेरे वकीलों ने मुझे बताया कि ईडी की ओर से भेजा गया समन अवैध है। भाजपा का इरादा मेरे खिलाफ जांच कराने का नहीं बल्कि लोकसभा चुनाव के लिए मुझे प्रचार करने से रोकना है। वे जांच के बहाने मुझे बुलाना और फिर गिरफ्तार करना चाहते हैं।'
