देश

Cyclone Ditwah: मैं भारत का आभारी हूं... श्रीलंका के राष्ट्रपति ने PM मोदी से फोन पर की बात; दिसानायके को प्रधानमंत्री ने क्या दिया आश्वासन?

Cyclone Ditwah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चक्रवात ‘दित्वा’ से हुई भारी तबाही पर श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके से फोन पर संवेदना जताई और आश्वासन दिया कि भारत ‘ऑपरेशन सागर बंधु’ के तहत हर संभव मदद जारी रखेगा। राष्ट्रपति ने भारत की त्वरित राहत और बचाव कार्रवाई के लिए आभार व्यक्त किया। चक्रवात से श्रीलंका में अब तक 334 लोगों की मौत हो चुकी है और सैकड़ों लोग लापता हैं, जबकि भारत पुनर्वास और राहत के हर चरण में साथ देने की प्रतिबद्धता दोहरा रहा है।

Image

श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने पीएम मोदी से की फोन पर बात।(फोटो सोर्स: PTI)

Photo : PTI

Cyclone Ditwah: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके के साथ टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने चक्रवात दित्वा के कारण श्रीलंका में हुई जनहानि और व्यापक तबाही पर अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत के लोग इस कठिन समय में श्रीलंका के लोगों के साथ पूरी एकजुटता और समर्थन में खड़े हैं।

श्रीलंका के राष्ट्रपति ने जताया भारत का आभार

राष्ट्रपति दिसानायके ने आपदा के बाद भारत की सहायता के लिए अपना गहरा आभार व्यक्त किया और बचाव दलों और राहत सामग्री की त्वरित तैनाती की सराहना की। वहीं, उन्होंने भारत के समय पर और प्रभावी प्रतिक्रिया प्रयासों के लिए श्रीलंका के लोगों की ओर से भी आभार व्यक्त किया।

प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति दिसानायके को ऑपरेशन सागर बंधु के तहत संकटग्रस्त व्यक्तियों को बचाव और राहत प्रदान करने हेतु श्रीलंका को भारत के निरंतर समर्थन का आश्वासन दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि भारत, अपने विजन महासागर और 'प्रथम प्रतिक्रियाकर्ता' के रूप में अपनी स्थापित स्थिति के अनुरूप, आने वाले दिनों में श्रीलंका द्वारा पुनर्वास प्रयासों, सार्वजनिक सेवाओं को फिर से शुरू करने और प्रभावित क्षेत्रों में आजीविका बहाल करने के प्रयासों के तहत सभी आवश्यक सहायता प्रदान करता रहेगा। दोनों नेताओं ने निकट संपर्क में रहने पर सहमति व्यक्त की।

चक्रवात की वजह से 334 लोगों की मौत

बता दें कि चक्रवात दित्वा ने श्रीलंका में भारी तबाही मचाई है। (Cyclone Ditwah) इस तूफान ने पूरे देश में बाढ़, भूस्खलन और बिजली-पानी की समस्या पैदा कर दी है। अब तक 334 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 370 लोग लापता हैं. इस मुश्किल वक्त में भारत ने अपने सबसे करीबी पड़ोसी देश की मदद के लिए तुरंत कदम उठाया।

भारत बना श्रीलंका का 'संकटमोचन'

इस मुश्किल घड़ी में श्रीलंका के लोगों की मदद के लिए भारत ने 28 नवंबर को भारत ने ऑपरेशन सागर बंधु शुरू किया, जो खोज एवं बचाव (Search & Rescue) और मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (HADR) का एक बड़ा अभियान है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद ट्विटर पर श्रीलंका के लोगों के प्रति संवेदना जताई और कहा कि भारत हमेशा पहले सहायक बनेगा।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!